मनोज बाजपेयी की फिल्म ‘घूसखोर पंडत’ का नाम बदलकर ‘गजब रात’ कर दिया गया है। गुरुवार को मेकर्स ने इसका ट्रेलर रिलीज किया है। साथ ही OTT रिलीज डेट की भी घोषणा कर दी है। इसी साल फरवरी में इस फिल्म के टाइटल पर खूब बवाल मचा था। सुप्रीम कोर्ट ने मेकर्स को फटकार लगाकर नाम बदलने के निर्देश दिए थे।
मनोज बाजपेयी की फिल्म ‘घूसखोर पंडत’ का नाम बदल गया है। जी हां, इसी साल फरवरी 2026 में इस फिल्म का ऐलान हुआ था। लेकिन टीजर रिलीज के ठीक बाद इसके नाम पर विवाद हो गया। अब नेटफ्लिक्स इंडिया ने गुरुवार को एक नए नाम के साथ फिल्म का ट्रेलर रिलीज किया है। स्क्रीनप्ले राइटर रितेश शाह की बतौर डायरेक्टर इस पहली फिल्म का नाम अब ‘गजब रात’ है। फिल्म का 2 मिनट 20 सेकेंड का ट्रेलर मजेदार और यह इस क्राइम थ्रिलर फिल्म की शानदार झलक है। फिल्म को नीरज पांडे के ‘फ्राइडे स्टोरीटेलर्स’ के बैनर तले बनी है और इसकी रिलीज डेट का भी ऐलान हो गया है। इसके शुरुआती नाम ‘घूसखोर पंडत’ पर आरोप लगे थे कि यह एक खास जाति का अपमान है।
‘गजब रात’ का ट्रेलर मजेदार है। इससे फिल्म की कहानी एक झलक मिलती है, जो एक रात में घटी घटनाओं के इर्द-गिर्द घूमती है। फिल्म नई दिल्ली में सेट है, जहां चलती कार से एक लहूलुहान लड़की को बेरहमी से बाहर फेंक दिया जाता है। पुलिस हरकत में आती है। लेकिन घटनास्थल पर एम्बुलेंस तक नहीं बुलाता। मौके पर पहुंचे सीनियर अधिकारी अजय दीक्षित (मनोज बाजपेयी) कहते हैं, ‘जल्दी एम्बुलेंस बुलाओ, वरना लड़की के इलाज का सारा खर्च हमारे पुलिस स्टेशन को उठाना पड़ेगा।’
‘गजब रात’ की कहानी क्या है
ट्रेलर में अगले 2 मिनट तक इस अपराध और लड़की की पहचान की जांच दिखाई गई है। मुश्किल ये है कि लड़की की पहचान स्पष्ट नहीं है। कोई उसे रशियन बता रहा है, तो कोई आधी अंग्रेज और आधी भारतीय। इन दावों के बीच हम अजय दीक्षित के किरदार से भी रूबरू होते हैं, जो जांच के बीच ‘गुलाबी पत्ती’ यानी रिश्वत की बात करने से नहीं हिचकिचाता है। लेकिन आगे वह एक मुश्किल में फंस जाता है। एक तरफ उसका अपना फर्ज है, तो दूसरी तरफ लालच में पड़ने का खतरा।
‘हमारी ड्यूटी ही ऐसी है कि 4 दोस्त बनते हैं और 8 दुश्मन’
‘गजब रात’ के ट्रेलर में अजय दीक्षित यानी मनोज बाजपेयी का किरदार एक से कहता है, ‘हमारी ड्यूटी ही ऐसी है कि अगर हम चार दोस्त बनाते हैं, तो आठ दुश्मन भी बन जाते हैं।’ फिल्म में मनोज की प्रेमिका का किरदार नुसरत भरूचा निभा रही हैं। तमाम मुश्किलों के बीच अब अक्षय ओबेरॉय को भी देखते हैं जो इस जांच का हिस्सा हैं।
‘गजब रात’ OTT रिलीज डेट और कास्ट
मनोज बाजपेयी की यह फिल्म अपने नए नामकरण ‘गजब रात’ के साथ इसी महीने 23 अक्टूबर 2026 को Netflix पर रिलीज होगी। फिल्म में उनके साथ साकिब सलीम, दिव्या दत्ता, अक्षय ओबेरॉय, कीकू शारदा और श्रद्धा दास जैसे मंझे हुए कलाकारों की टुकड़ी है।
‘घूसखोर पंडत’ नाम पर हजरतगंज में दर्ज हुई थी FIR
इससे पहले इस साल फरवरी में, जब नेटफ्लिक्स ने अपनी फिल्मों और सीरीज की लिस्ट जारी की थी, तब इस फिल्म का नाम ‘घूसखोर पंडत’ बताया था। इसकी एक झलक भी दिखाई गई थी। लेकिन इसके ठीक बाद फिल्म के नाम को लेकर सोशल मीडिया पर भारी हंगामा मच गया। मामला इतना बढ़ा कि कई हिंदू संगठन और राजनीतिक दलों की भी इस विवाद में एंट्री हो गई। ‘घूसखोर पंडत’ टाइटल को जातिवादी और अपमानजनक करार दिया गया। इस बाबत उत्तर प्रदेश के हजरतगंज पुलिस स्टेशन में एक FIR भी दर्ज की गई।
मानवाधिकार आयोग ने मंत्रायल को जारी किया था नोटिस
मामला सिर्फ पुलिस तक नहीं रुका। एक शिकायत बाद राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने भी सूचना और प्रसारण मंत्रालय को नोटिस जारी किया। बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव समेत कई राजनीतिक नेताओं और विश्व हिंदू परिषद जैसे संगठनों ने फिल्म के नाम की निंदा की।
नीरज पांडे ने विवाद पर दी थी सफाई
बाद में विरोध और विवाद बढ़ता देख, फिल्म के निर्माता नीरज पांडे ने सोशल मीडिया पर बयान जारी किया। माना कि फिल्म के टाइटल से दर्शकों के एक वर्ग को ‘ठेस’ पहुंची है। उन्होंने बताया कि फिल्म का टीजर, पोस्टर और दूसरे प्रमोशनल मटेरियल हटा लिए गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि यह एक काल्पनिक पुलिस ड्रामा है, और इसमें ‘पंडत’ शब्द का इस्तेमाल सिर्फ एक काल्पनिक किरदार के नाम के तौर पर किया गया है। नीरज पांडे ने कहा, ‘यह कहानी एक व्यक्ति के कार्यों और फैसलों पर केंद्रित है। इसका किसी जाति, धर्म या समुदाय से कोई लेना-देना नहीं है और न ही यह किसी का प्रतिनिधित्व करती है। एक फिल्म निर्माता के तौर पर मैं पूरी जिम्मेदारी के साथ काम करता हूं। मेरा मकसद ऐसी कहानियां सुनाना है जो विचारशील हों और जिनका सम्मान किया जाए। हमारा मानना है कि फिल्म को टुकड़ों में देखकर जज करने के बजाय, इसे पूरी तरह से देखा जाना चाहिए और उसी संदर्भ में समझा जाना चाहिए, जिस संदर्भ में हमने इसे बनाया है। मुझे उम्मीद है कि जल्द ही दर्शक इस फिल्म को देख पाएंगे।’
सुपीम कोर्ट ने ‘घूसखोर पंडत’ नाम बदलने के दिए निर्देश
‘घूसखोर पंडत’ के विवाद का मामाल सुप्रीम कोर्ट भी पहुंचा। एक जनहित याचिका (PIL) पर सुनवाई करते हुए देश की शीर्ष अदालत ने फिल्म पर रोक लगा दी। निर्माताओं को इसका टाइटल बदलने का निर्देश दिया। बेंच ने अपने फैसले में कहा, ‘आप इस तरह का टाइटल रखकर समाज के एक वर्ग को नीचा क्यों दिखा रहे हैं? यह नैतिकता और सार्वजनिक व्यवस्था के खिलाफ है। जब तक आप हमें बदला हुआ शीर्षक नहीं बता देते, तब तक हम आपको फिल्म रिलीज करने की अनुमति नहीं देंगे।’
मनोज बाजपेयी ने भी विवाद पर दी थी सफाई
दूसरी ओर, मनोज बाजपेयी ने भी भी विवाद पर चुप्पी तोड़ी थी। कहा था, ‘जब किसी ऐसी चीज से लोगों को दुख पहुंचता है जिसका आप हिस्सा हैं, तो आपको रुककर उनकी बात सुननी चाहिए। एक एक्टर के तौर पर मैं किसी फिल्म से अपने किरदार और कहानी के जरिए जुड़ता हूं। मेरे लिए यह एक ऐसे इंसान को दिखाने के बारे में था, जिसमें कमियां हैं और जो खुद को समझने के सफर पर है। इसका मकसद किसी समुदाय के बारे में कोई टिप्पणी करना नहीं था।’

