सलमान खान की फिल्म ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ की नई रिलीज डेट आ गई है। यह दिसंबर में श्रद्धा कपूर की ‘ईठा’ से बॉक्स ऑफिस पर टकराएगी। सलमान का पलड़ा यकीनन भारी है, लेकिन ‘ईठा’ को लेकर भी दर्शकों में उत्सकुकता है, ऐसे में सवाल ये कि क्या सलमान की लगातार 18 फिल्मों के बाद 19वीं भी 100 करोड़ क्लब में शामिल हो पाएगी?
‘मातृभूमि’ मूवी रिलीज डेट: सलमान खान की फिल्म का ‘ईठा’ से क्लैश, क्या भाईजान के महारिकॉर्ड में लगेगा बट्टा?
सुपरस्टार सलमान खान की फिल्म ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ की रिलीज डेट की घोषणा हो गई है। यह फिल्म पहले 18 मार्च को ही रिलीज होने वाली थी, लेकिन उसके बाद से ही यह सेंसर बोर्ड के पास अटकी पड़ी है। शुक्रवार को धनतेरस के मौके पर सलमान ने खुद अपनी वॉर-ड्रामा फिल्म की रिलीज का ऐलान किया। बताया कि यह अब 4 दिसंबर को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। अपूर्व लाखिया के डायरेक्शन में बनी इस फिल्म में सलमान खान लीड रोल में हैं। यह साल 2020 में भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच हुई गलवान घाटी की झड़प पर आधारित है। हालांकि, इस नई रिलीज डेट की घोषणा के साथ ही अब बॉक्स ऑफिस पर एक बड़े क्लैश भी होने वाला है, क्योंकि इसी दिन श्रद्धा कपूर की बायोपिक ड्रामा फिल्म ‘ईठा’ भी रिलीज हो रही है।
जाहिर है कि अब दिसंबर की शुरुआत में ही बॉक्स ऑफिस पर एक बड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा। खासकर तब, जब सलमान की लगातार पिछली 18 फिल्में 100 करोड़ क्लब का हिस्सा हैं। यह एक ऐसा महारिकॉर्ड है, जिस पर सिर्फ ‘भाईजान’ का नाम है। हालांकि, ‘ईठा’ को लेकर भी दर्शकों में उत्साह है, ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि सलमान की ‘मातृभूमि’ उनकी लगातार 19वीं फिल्म 100 करोड़ी फिल्म बनेगी, या फिर भाईजान को इस बार झटका लगेगा।
सलमान ने ‘मातृभूमि’ में सरकार की दखलअंदाज को किया खारिज
मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ का नाम पहले ‘बैटल ऑफ गलवान’ था। शुक्रवार को मुंबई में सलमान खान, चित्रांगदा सिंह और फिल्म की बाकी कास्ट की मौजूदगी में मीडिया के कुछ चुनिंदा लोगों को ट्रेलर भी दिखाया गया। इस मौके पर फिल्म की रिलीज में हुई देरी के बारे में पूछने पर सलमान ने बताया कि यह VFX में देरी के कारण हुआ है। उन्होंने इसके साथ ही उन खबरों को भी खारिज किया, जिसमें कहा जा रहा था कि भारत सरकार ने फिल्म की कहानी में बदलाव किए हैं, साथ ही कहीं भी चीन के नाम का जिक्र करने के लिए मना किया है।
सलमान खान बोले- VFX के कारण हुई फिल्म की रिलीज में देरी
सलमान खान ने कहा, ‘हमारी टीम यह सुनिश्चित करना चाहती थी कि फिल्म के विजुअल इफेक्ट्स (VFX) एकदम बेहतरीन हों। आजकल कई VFX एक्सपर्ट्स हैं जो फिल्म के हर एक शॉट को बारीकी से देखते हैं। इसलिए, हम इस फिल्म में किसी को भी ऐसा मौका नहीं देना चाहते कि वे किसी सीन को जूम करके देखें और उसके VFX की आलोचना करें। हम चाहते हैं कि फिल्म के विजुअल्स देखकर हर कोई हैरान रह जाए। इसे बहुत खूबसूरती से शूट किया गया है।’
चित्रांगदा सिंह की चोट की वजह से भी शूटिंग में देरी हुई
सलमान खान ने आगे देरी का एक और कारण बताया। कहा, ‘हमें लगा था कि हम 45-50 दिनों में फिल्म पूरी कर लेंगे, लेकिन मैडम (चित्रांगदा सिंह की ओर इशारा करते हुए) घायल हो गईं और उन्हें ठीक होने में समय लग गया। पहले हम इस फिल्म को जनवरी या जून में रिलीज करने वाले थे, लेकिन फिर इसे अगस्त के लिए टाल दिया गया। अब, हम इसे 4 दिसंबर को रिलीज करेंगे।’
मातृभूमि Vs ईठा: बॉक्स ऑफिस पर 04 दिसंबर को बड़ा क्लैश
सलमान खान की इस घोषणा के साथ ही अब दिसंबर में बॉक्स ऑफिस पर गर्मी बढ़ने वाली है। साल 2010 में ‘दबंग’ से लेकर पिछली रिलीज ‘सिकंदर’ तक, सलमान खान की लगातार 18 फिल्में घरेलू बॉक्स ऑफिस पर ₹100 करोड़ क्लब का हिस्सा बनी हैं। अब 04 दिसंबर को ‘मातृभूमि’ और ‘ईठा’ के बीच क्लैश से स्क्रीन और शो का बंटवारा होना तय है। ऐसे में सवाल उठना लाजिम है कि क्या भाईजान के स्टारडम के दम पर ‘मातृभूमि’ एक बार फिर 100 करोड़ का आंकड़ा पार कर लेगी और 19वीं बार यह कारनामा दोहराएगी?
सलमान को सिंगल स्क्रीन्स, तो श्रद्धा को मल्टीप्लेक्स में मिलेगा फायदा
दिनेश विजान के बैनर तले बनी ‘ईठा’ को लेकर भी लंबे समय से चर्चा है। खासकर ‘स्त्री’ फ्रेंचाइज के बाद श्रद्धा कपूर को लेकर भी दर्शकों में उत्सकुता बढ़ी है। ऐसे में दिसंबर में जहां ‘मातृभूमि’ को उत्तर भारत के सिंगल स्क्रीन सिनेमाघरों में अच्छी पकड़ मिलेगी, वहीं ‘ईठा’ को महाराष्ट्र के साथ ही देश के मल्टीप्लेक्स में मजबूत मौजूदगी मिलेगी।
बीते 16 साल में सलमान की सबसे कम कमाई वाली फिल्म भी ₹110 करोड़ पार
एक और बात गौर करने वाली यह है कि नॉन-हॉलिडे या क्लैश के मामले में भी सलमान खान की फिल्मों की कमाई कम से कम ₹110 करोड़ रुपये से ऊपर रही है। इसका उदाहरण ‘किसी का भाई किसी की जान’ (₹110.94 करोड़) और ‘सिकंदर’ (₹110.36 करोड़) हैं। ऐसे में यह क्लैश ‘ईठा’ के लिए भी गंभीर है और सलमान खान के लिए भी, क्योंकि ₹110 करोड़ का आंकड़ा ₹100 करोड़ के बेहद करीब है।
सलमान खान की पिछली 18 फिल्मों का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन:
दबंग: ₹140.22 करोड़
रेडी: ₹120.90 करोड़
बॉडीगार्ड: ₹148.52 करोड़
एक था टाइगर: ₹198.78 करोड़
दबंग 2: ₹155 करोड़
जय हो: ₹117.20 करोड़
किक: ₹231.85 करोड़
बजरंगी भाईजान: ₹320.34 करोड़
प्रेम रतन धन पायो: ₹210.16 करोड़
सुल्तान: ₹300.45 करोड़
ट्यूबलाइट: ₹119.26 करोड़
टाइगर जिंदा है: ₹339.16 करोड़
रेस 3: ₹169.50 करोड़
भारत: ₹212.03 करोड़
दबंग 3: ₹151.45 करोड़
किसी का भाई किसी की जान: ₹110.94 करोड़
टाइगर 3: ₹282.79 करोड़
सिकंदर: ₹110.36 करोड़
‘मातृभूमि’ में महावीर मेजर संतोष बाबू बने हैं सलमान खान
‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ मई 2020 में पूर्वी लद्दाख में हुए सैन्य गतिरोध से प्रेरित है। उस साल जून में गलवान घाटी में हुई झड़पों के कारण भारत और चीन के संबंधों में भारी तनाव आ गया था। गलवान घाटी की इन झड़पों में भारतीय सेना के 20 जवान शहीद हो गए थे। सलमान ने इसमें मेजर बिक्कुमाला संतोष बाबू का किरदार निभाया है, जो 16 बिहार रेजिमेंट के 19 अन्य सैनिकों के साथ इस झड़प के दौरान शहीद हो गए थे। उन्हें मरणोपरांत भारत के दूसरे सर्वोच्च युद्धकालीन वीरता पुरस्कार ‘महावीर चक्र’ से सम्मानित किया गया।
‘बैटल ऑफ गलवान’ का टीजर आते ही बिलख उठा था चीन
सलमान खान ने पिछले साल दिसंबर में अपने 60वें जन्मदिन पर इस ‘बैटल ऑफ गलवान’ नाम से फिल्म का टीजर जारी किया था। तब चीन के ‘ग्लोबल टाइम्स’ ने इस पर कड़ी आलोचना जताई थी। चीन के इस सरकारी अखबार ने लंबा-चौड़ा लेख लिखकर कहता था कि फिल्म में घटनाओं को बढ़ा-चढ़ाकर दिखाया गया है और तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया है। साथ ही सलमान खान को भी उनकी ‘बजरंगी भाईजान’ जैसी फिल्मों की याद दिलाई थी, जिसने चीन में बंपर कमाई की थी। कहा कि सुपरस्टार एक्टर को ऐसी फिल्मों में या पर्दे पर ऐसा कुछ नहीं दिखाना चाहिए जिससे उनके चीन के फैंस नाराज हों।

