फरीदाबाद में पार्किंग विवाद के बाद पड़ोसी पर 14 राउंड फायरिंग करने के आरोपी मोनू शर्मा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। शुक्रवार रात सेक्टर-21सी में हुई इस वारदात में 42 वर्षीय परमजीत की मौत हो गई।
हरियाणा के फरीदाबाद में पार्किंग को लेकर हुए विवाद में अपने पड़ोसी पर 14 राउंड फायरिंग करने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। शुक्रवार रात हुई इस वारदात में 42 वर्षीय परमजीत की मौत हो गई थी। आरोपी की पहचान मोनू शर्मा उर्फ मोहन के रूप में हुई है। पुलिस ने क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 की मदद से घटना के कुछ ही घंटों के भीतर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से परमजीत पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाई थीं। इस दौरान करीब 8-9 गोलियां परमजीत को लगीं। गंभीर रूप से घायल परमजीत को उनके परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पार्किंग को लेकर अक्सर होता था विवाद
यह घटना फरीदाबाद के सेक्टर-21सी स्थित मकान नंबर 641 की है। परमजीत और आरोपी मोनू शर्मा एक ही बिल्डिंग में रहते थे। परमजीत पहली मंजिल पर रहते थे, जबकि आरोपी तीसरी मंजिल पर रहता था। पुलिस के अनुसार, दोनों के बीच पार्किंग और कुछ अन्य छोटी-छोटी बातों को लेकर अक्सर कहासुनी होती रहती थी। शुक्रवार रात करीब 9 से 9:15 बजे के बीच दोनों के बीच विवाद हुआ। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और आरोपी ने कथित तौर पर अपनी पिस्टल से फायरिंग शुरू कर दी।
भतीजे की शादी में शामिल होने आए थे परमजीत
परमजीत सिंगापुर में एक मल्टीनेशनल कंपनी में काम करते थे। वह अपने भतीजे की शादी में शामिल होने के लिए घटना से एक दिन पहले ही भारत आए थे। उन्हें क्या पता था कि घर लौटने के बाद पड़ोसी के साथ हुआ विवाद उनकी जान ले लेगा।
कुछ घंटे में आरोपी गिरफ्तार
सूरजकुंड थाना प्रभारी प्रह्लाद कुमार के मुताबिक, घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर क्राइम ब्रांच की सभी टीमें सक्रिय कर दी गई थीं। क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और वारदात के पीछे की परिस्थितियों की जांच जारी है। परमजीत के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।

