भिंड जिले के ऊमरी थाना क्षेत्र के नुन्हाटा गांव में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक ने पड़ोसी के पालतू कुत्ते को बीहड़ में ले जाकर पेड़ से लटकाया और कुल्हाड़ी से काटकर उसके कई टुकड़े कर दिए।
मध्य प्रदेश के भिंड जिले से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली एक बेहद खौफनाक वारदात सामने आई है। ऊमरी थाना क्षेत्र के नुन्हाटा गांव में पुरानी मामूली रंजिश का बदला लेने के लिए एक युवक ने पड़ोसी के मूक पालतू कुत्ते के साथ ऐसी हैवानियत की, जिसे सुनकर रोंगटे खड़े हो जाएं। आरोपी ने कुत्ते को पहले बीहड़ में ले जाकर पेड़ से फंदे पर लटकाया, लाठियों से पीटा और फिर कुल्हाड़ी से काटकर उसके 20 से 25 टुकड़े कर डाले। इस सनसनीखेज घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पूरे इलाके में भारी आक्रोश फैल गया है।
यह पूरी घटना सोमवार की है, जब नुन्हाटा के उमराव सिंह का पुरा निवासी 25 वर्षीय विवेक बाथम (पिता अजमेर बाथम) गांव में घूम रहे रामनरेश सिंह राजावत के पालतू कुत्ते को जबरन रस्सी से बांधकर अपने साथ ले गया। आरोपी कुत्ते को बेसली नदी के किनारे बीहड़ के जंगल में खींच ले गया। वहां उसने बेजुबान जानवर को पेड़ से फंदे पर लटका दिया। तड़पते हुए कुत्ते पर आरोपी लाठियां बरसाता रहा और इसके बाद अपने साथी के साथ मिलकर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर उसके शरीर के दर्जनों टुकड़े कर दिए।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस एक्शन में
आरंभिक जांच में सामने आया है कि कुत्ते के मालिक रामनरेश सिंह राजावत से आरोपी का कुछ समय पहले किसी मामूली बात पर विवाद हुआ था। इसी पुरानी खुन्नस को निकालने के लिए उसने इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया और हैवानियत का वीडियो भी खुद ही बनाया। वीडियो इंटरनेट पर फैलते ही स्थानीय
लोगों और पशु प्रेमियों में जबरदस्त गुस्सा फूट पड़ा।
बेजुबान जानवर के साथ इस तरह की क्रूरता बेहद निंदनीय है। पीड़ित की शिकायत पर आवेदन लिया गया है और वायरल वीडियो की जांच कर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज की जा रही है।
बृजेंद्र सिंह सेंगर, थाना प्रभारी, ऊमरी
सोमवार को नुन्हाटा गांव के उमराव सिंह का पुरा में घटी घटना
आरोपी विवेक बाथम पालतू कुत्ते को रस्सी से बांधकर बीहड़ ले गया
बेसली नदी के किनारे पेड़ से फंदे पर लटकाकर की गई क्रूरता
लाठियों से पीटने के बाद कुल्हाड़ी से काटकर किए 20-25 टुकड़े
पूरी वारदात का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर किया गया वायरल
पुरानी रंजिश के चलते कुत्ते के मालिक से बदला लेने की बात आई सामने
पीड़ित रामनरेश सिंह राजावत की शिकायत पर ऊमरी थाने में केस दर्ज
थाना प्रभारी बृजेंद्र सिंह सेंगर ने वीडियो की जांच कर सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया

