एक 14 साल के नाबालिग पर एक सरकारी वेबसाइट में सेंध लगाकर 4 हजार अग्निवीरों का निजी डेटा चुराने और उसे डार्क वेब पर बेचने की कोशिश करने का आरोप है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल यूनिट ने उसे फरीदाबाद से पकड़ा है।
हाइलाइट्स
वेब पर 500 डॉलर (करीब 42 हजार रुपये) में डेटा बेचने की पेशकश की
वेबसाइट में सेंध लगाने के लिए AI टूल्स के इस्तेमाल की आशंका
बरामद डेटा में कितनी असली और संवेदनशील जानकारी है, इसकी जांच जारी
नई दिल्ली: महज 14 साल की उम्र में एक नाबालिग पर करीब 4 हजार अग्निवीरों का निजी डेटा चुराने और उसे डार्क वेब पर बेचने की कोशिश का आरोप लगा है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रैटेजिक ऑपरेशंस (आईएफएसओ) यूनिट ने फरीदाबाद के बल्लभगढ़ से उसे पकड़ा है।
पुलिस के मुताबिक, नाबालिग ने कथित तौर एक सरकारी वेबसाइट में सेंध लगाकर डेटा हासिल किया और उसे 500 अमेरिकी डॉलर (करीब 42 हजार रुपये) में बेचने की पेशकश की।
अग्निवीरों के लिए रोजगार के अवसर तलाशने के लिए तैयार की गई थी वेबसाइट
जांच से जुड़े अधिकारियों के अनुसार, जिस वेबसाइट को निशाना बनाया गया, वह पूर्व अग्निवीरों के रजिस्टर्ड और दूसरे सरकारी विभागों में रोजगार के अवसर तलाशने के लिए तैयार की गई थी। यह एक टेस्ट पोर्टल था। आरोप है कि नाबालिग ने इसमें अनधिकृत तरीके से प्रवेश कर डेटा निकाल लिया। इसके बाद डार्क वेब पर विज्ञापन देकर दावा किया कि उसके पास करीब चार हजार अग्निवीरों की निजी जानकारी है।
AI के इस्तेमाल की आशंका
पुलिस की शुरुआती जांच में वेबसाइट में सेंध लगाने और डेटा निकालने के लिए आर्टिफिशल इंटेलिजेंस (AI) टूल्स के इस्तेमाल की आशंका सामने आई है। आईएफएसओ टीम ने नाबालिग के डिजिटल उपकरणों से डेटा बरामद किया है।
दिल्ली पुलिस कर रही जांच
हालांकि, इसमें अग्निवीरों की कितनी वास्तविक जानकारी है और उसकी संवेदनशीलता कितनी है, इसकी जांच की जा रही है। इसके लिए पुलिस ने केंद्रीय गृह मंत्रालय को लेटर लिखकर अग्निवीरों का आधिकारिक डेटाबेस मांगा है, ताकि बरामद डेटा को मैच किया जा सके। वहीं पुलिस ने नाबालिग से पूछताछ की और बाद में परिजनों को सौंप दिया। अब यह पता लगाया जा रहा है कि वेबसाइट में सेंधमारी कैसे की गई।

