मध्य प्रदेश के खरगोन में जलावर्धन योजना की मुख्य राइजिंग पाइपलाइन अचानक फूट गई, जिससे 40 फीट ऊंचा पानी का फव्वारा छूटने लगा। इस हादसे के कारण शनिवार को शहर के चार प्रमुख इलाकों के करीब 15 हजार लोगों की पानी सप्लाई प्रभावित रहने की आशंका है।
खरगोन शहर में जलावर्धन योजना के तहत पेयजल आपूर्ति करने वाली मुख्य पाइपलाइन शुक्रवार शाम अचानक फूट गई। औरंगपुरा मार्ग पर स्थित कुंदा नदी पुल के पास हुए इस हादसे के बाद करीब 40 फीट ऊंचा पानी का फव्वारा छूटने लगा। तेज दबाव के कारण लगभग एक घंटे तक लाखों लीटर शुद्ध पेयजल व्यर्थ बह गया। इस घटना से शनिवार को शहर के कई प्रमुख इलाकों में जलापूर्ति पूरी तरह बाधित रहने की आशंका है।
150 हॉर्सपावर के पंपिंग सिस्टम में आया रिसाव
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब 4:30 बजे रहीमपुरा ओवरहेड टैंक को पानी सप्लाई करने वाली मुख्य राइजिंग पाइपलाइन अचानक क्षतिग्रस्त हो गई। यह पाइपलाइन 150 हॉर्सपावर की भारी-भरकम पंपिंग प्रणाली से जुड़ी हुई है, जिसके कारण पानी का प्रेशर बेहद तेज था। घटना की सूचना मिलते ही नगर पालिका और जेएमसी (JMC) कंपनी के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर पंपिंग बंद कराई और स्थिति पर काबू पाया।
इन 4 प्रमुख इलाकों में मचेगा हाहाकार
इस मुख्य पाइपलाइन के जरिए रहीमपुरा स्थित ओवरहेड टैंक में पानी भरा जाता है, जहां से शहर के ओरंगपुरा, रहीमपुरा, सुखपुरी और दमखेड़ा क्षेत्रों में पेयजल का वितरण होता है। पाइपलाइन के क्षतिग्रस्त होने से इन क्षेत्रों के करीब 15 हजार रहवासियों के सामने पानी का संकट खड़ा हो गया है। अधिकारियों ने पुष्टि की है कि शनिवार को इन सभी इलाकों में पानी की सप्लाई प्रभावित रहेगी।
कपलिंग जॉइंट की रबर शीट फटने से हुआ हादसा
नगर पालिका खरगोन के जलप्रदाय शाखा प्रभारी संजय सोलंकी ने बताया कि पुराने कुंदा पुल के पास स्थित लगभग 173 मीटर लंबी मुख्य पाइपलाइन के कपलिंग जॉइंट के पास लगी रबर शीट डैमेज हो गई थी, जिसकी वजह से यह बड़ा रिसाव हुआ। उन्होंने बताया कि शुक्रवार का कोटा टैंक में भर दिया गया था, लेकिन शनिवार को सप्लाई बाधित रहेगी। फिलहाल जेएमसी कंपनी द्वारा क्षतिग्रस्त हिस्से को दुरुस्त करने का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है।

