मध्य प्रदेश के इंदौर में एक 25 वर्षीय युवक लविश लश्करी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुसाइड से पहले युवक ने एक भावुक वीडियो रिकॉर्ड कर अपनी प्रेमिका और उसके परिवार के 4 अन्य सदस्यों पर मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं।
इंदौर के नंदा नगर क्षेत्र से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां किराए के मकान में रहने वाले एक 25 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। आत्मघाती कदम उठाने से पहले युवक ने एक बेहद भावुक वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें उसने समाज और व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि आज के दौर में लड़के सुरक्षित नहीं हैं और उन्हें अपना प्यार साबित करने के लिए जान तक गंवानी पड़ती है। घटना की सूचना मिलते ही परदेशीपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
उज्जैन का रहने वाला था मृतक
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान लविश लश्करी के रूप में हुई है। वह मूल रूप से उज्जैन का निवासी था और इंदौर में रहकर ड्राइवर के रूप में काम करता था। शुरुआती जांच और परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक, लविश का खंडवा की रहने वाली एक युवती के साथ पिछले दो साल से प्रेम संबंध चल रहा था। दोनों के बीच रिश्ता काफी गहरा था।
मोबाइल छीनने का आरोप
लविश ने अपने आखिरी वीडियो में बताया कि वह करीब डेढ़ साल तक अपनी प्रेमिका के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रहा था। हालांकि, कुछ समय पहले युवती के परिजनों को इस रिश्ते की भनक लग गई, जिसके बाद वे युवती को जबरन अपने साथ घर ले गए। युवक का आरोप है कि परिजनों ने प्रेमिका का मोबाइल फोन भी छीनकर अपने पास रख लिया था, जिससे दोनों के बीच बातचीत और संपर्क पूरी तरह टूट गया। इस अचानक आई दूरी के कारण लविश गंभीर मानसिक तनाव का शिकार हो गया था।
भाई को भेजा वीडियो
लविश ने फंदा लगाने से ठीक पहले रिकॉर्ड किया गया यह वीडियो अपने भाई को व्हाट्सएप पर भेजा था। वीडियो में उसने अपनी प्रेमिका, उसकी बहन, भाई और दो अन्य रिश्तेदारों के नाम साफ तौर पर लिए हैं और उन्हें अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया है। परदेशीपुरा थाना पुलिस ने वीडियो साक्ष्य को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और परिजनों के विस्तृत बयानों व वीडियो के तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

