जैन मुनि सुधासागर जी महाराज पर व्हाट्सएप पर आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में अशोकनगर पुलिस ने पूर्व डीएसपी रेखा जैन सहित तीन लोगों के खिलाफ शिकंजा कसा है। पुलिस की टीमें यूपी और एमपी के 5 जिलों में ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही हैं।
अशोकनगर : प्रसिद्ध जैन मुनि सुधासागर जी महाराज के खिलाफ सोशल मीडिया पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में अशोकनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर एक पूर्व महिला डीएसपी सहित तीन नए आरोपियों को नामजद किया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के 5 से अधिक जिलों में लगातार छापेमारी की जा रही है।
3 युवक पहले ही हो चुके हैं गिरफ्तार
अशोकनगर कोतवाली पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 299, 352 और 353(2) के तहत अपराध क्रमांक 346/2026 दर्ज किया था। शुरुआती जांच और साइबर सेल की मदद से पुलिस ने पहले ही तीन मुस्लिम युवकों को गिरफ्तार कर लिया था। लेकिन जब तकनीकी विश्लेषण और व्हाट्सएप ग्रुप्स की कड़ियों को जोड़ा गया, तो इस विवाद के पीछे कुछ और चेहरे बेनकाब हुए।
BNS की धारा 299 मुख्य रूप से किसी भी वर्ग की धार्मिक भावनाओं को जानबूझकर आहत करने के इरादे से किए गए कृत्यों (वचन, लिखित शब्दों या संकेतों) से संबंधित है, जिसमें दोषी पाए जाने पर कड़ी सजा और जुर्माने का प्रावधान है।
पूर्व डीएसपी रेखा जैन की संलिप्तता
मामले में तब नया मोड़ आया जब विवेचना के दौरान सागर निवासी पूर्व डीएसपी डॉ. रेखा जैन, समीर जैन और राहुल जैन की संलिप्तता के पुख्ता सबूत मिले। पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा के निर्देश पर गठित विशेष टीमों ने आरोपियों के संभावित ठिकानों सागर, बीना, दमोह, जबलपुर और उत्तर प्रदेश के ललितपुर में दबिश दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी फिलहाल फरार हैं, लेकिन उन्हें जल्द ही दबोच लिया जाएगा।
सोशल मीडिया पर किसी भी धर्म, संप्रदाय या धार्मिक महापुरुषों के संबंध में भड़काऊ या अभद्र टिप्पणी करना दंडनीय अपराध है। साइबर सेल की टीमें हर संदिग्ध गतिविधि और ग्रुप एडमिन पर नजर रख रही हैं। अफवाहों और विवादित पोस्ट से दूर रहें। राजीव कुमार मिश्रा, पुलिस अधीक्षक, अशोकनगर
दो समुदायों को लड़ाने की साजिश का आरोप
जैन समाज का आरोप है कि यह मामला सिर्फ एक संत पर टिप्पणी का नहीं, बल्कि दो समुदायों के बीच वैमनस्यता और तनाव पैदा करने की गहरी साजिश का हिस्सा है। इसी संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस पूरी मुस्तैदी से बैकएंड पर काम करने वाले चेहरों की तलाश कर रही है। एसपी राजीव कुमार मिश्रा ने आम जनता से अपील की है कि वे सोशल मीडिया का उपयोग जिम्मेदारी से करें और किसी भी धार्मिक व्यक्तित्व के खिलाफ टिप्पणी करने से बचें।

