Homeभारतदिल्ली'तिरंगा हमारे लिए गौरव' दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने देशवासियों को...

‘तिरंगा हमारे लिए गौरव’ दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने देशवासियों को दी स्वतंत्रता दिवस की बधाई, बड़ी बातें

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने राष्ट्रीय राजधानी के छत्रसाल स्टेडियम में खास कार्यक्रम के दौरान कहा कि ये लहराता तिरंगा हमारे उज्ज्वल भविष्य का प्रतीक है। ये हमारे लिए गौरव है।

नई दिल्ली: 80वें स्वतंत्रता दिवस पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने छत्रसाल स्टेडियम में हुए खास समारोह में ध्वजारोहण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि आज का पावन दिन केवल राष्ट्रीय पर्व नहीं है ये असंख्य वीरों, देश के लिए प्राण न्यौछावर करने वाले शहीदों, स्वतंत्रता सेनानियों को स्मरण और नमन करने का भी दिन है। ये लहराता तिरंगा हमारे उज्ज्वल भविष्य का संकल्प भी है। ये तिरंगा हमारे लिए गौरव भी है। ये हमें याद दिलाता है स्वतंत्रता केवल अधिकार नहीं राष्ट्र निर्माण का सतत दायित्व भी है।

विकसित भारत @2047 पर ये बोलीं सीएम रेखा गुप्ता

सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि आज भारत वैश्विक मंच पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आज भारत ने देश और दुनिया में नए आयाम साबित कर रहा है। प्रधानमंत्री का विकसित भारत @2047 राष्ट्रीय संकल्प अब पूरे देश के नागरिकों का संकल्प बन चुका है। दिल्ली देश की राजधानी होने के कारण विकसित भारत के सपने में अहम भूमिका निभाती है। दिल्ली का विकास पूरे राष्ट्र की प्रतिष्ठा से जुड़ा है।

पूर्व की सरकार पर दिल्ली की सीएम का निशाना

रेखा गुप्ता ने कहा कि हमें मिला जनादेश केवल सरकार बदलने के लिए नहीं था। प्रशासन में पारदर्शिता, विकास गति देने और जनता के विश्वास को आगे ले जाने के लिए मिला था। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार हमारे समक्ष खूब चुनौती छोड़कर गयी थी। हालांकि, हमने पहले दिन से एक-एक चुनौती से डटकर लड़ना शुरू किया। रुके हुए काम शुरू करना, सड़कों पर जाकर परियोजना पर काम किया।

सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि ‘अर्बन नक्सलवाद’ जैसी विचारधाराओं और उन ताकतों से सचेत रहना होगा, जो देश की एकता, अखंडता और सम्मान को नुकसान पहुंचाने का प्रयास करती हैं। हमें ऐसी हर सोच के प्रति जागरूक रहना होगा जो राष्ट्रहित के विरुद्ध काम करती है।

स्वतंत्रता दिवस की दीं शुभकामनाएं

सीएम रेखा गुप्ता ने सभी देशवासियों और दिल्लीवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आज हर घर का संकल्प राष्ट्र का संकल्प बने, हर नागरिक का प्रयास देश की शक्ति बने और हम सब मिलकर विकसित भारत के लक्ष्य को सिद्ध करें।

सीएम रेखा गुप्ता ने एक्स पर किया ये पोस्ट

इससे पहले मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने लोगों को बधाई देते हुए ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि आप सभी को 80वें स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। यह पावन दिवस हमें उस संघर्ष की याद दिलाता है, जिसने भारत को स्वतंत्रता दी, और उस संकल्प की भी, जो भारत को विकसित राष्ट्र बनाएगा। जिन वीरों ने अपने त्याग और बलिदान से हमें स्वतंत्र भारत सौंपा, आज उनके सपनों को साकार करने की जिम्मेदारी हमारी पीढ़ी की है। आइए, इस स्वतंत्रता दिवस पर अपने कर्तव्य को राष्ट्रसेवा और अपने प्रयास को राष्ट्रनिर्माण से जोड़ें।

उपराज्यपाल संधू ने दी स्वतंत्रता दिवस की बधाई

दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लोगों को बधाई दी। उन्होंने ‘एक्स’ पर संदेश में उन्होंने कहा कि देश की राजधानी से लेकर हर गांव और कस्बे तक के लोगों से ‘विकसित भारत 2047’ के मिशन को आगे बढ़ाते हुए एक मजबूत, अधिक समृद्ध और विकसित भारत के निर्माण के लिए एक नए संकल्प के साथ एकजुट होने का आग्रह किया। संधू ने कहा कि जैसा कि हमारा तिरंगा भारत के हर कोने में गर्व से लहरा रहा है, हम उन वीर शहीदों को अनंत कृतज्ञता के साथ नमन करते हैं जिनके सर्वोच्च बलिदान ने हमें हमारी आजादी दिलाई।

मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा- आजादी केवल एक पर्व नहीं बल्कि…

दिल्ली सरकार में मंत्री प्रवेश वर्मा ने भी समस्त देशवासियों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आजादी केवल एक पर्व नहीं, बल्कि उन अनगिनत वीरों के त्याग, बलिदान और संघर्ष की अमर कहानी है, जिन्होंने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।

प्रवेश वर्मा ने एक्स पोस्ट में कहा कि इस पावन अवसर पर आइए हम उन सभी महान स्वतंत्रता सेनानियों और वीर जवानों को नमन करें, जिनके साहस और बलिदान से हमारा तिरंगा आज शान से लहरा रहा है। हम संकल्प लें कि अपने देश की एकता, अखंडता, शांति और समृद्धि को हमेशा सर्वोपरि रखेंगे और भारत को और अधिक सशक्त, आत्मनिर्भर एवं गौरवशाली बनाने में अपना योगदान देंगे।

राष्ट्रवाद के संकल्प के साथ हम एक थे, एक हैं और सदैव एक रहेंगे: कपिल मिश्रा

दिल्ली सरकार में मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि भगत सिंह, राजगुरु, चंद्रशेखर आजाद और नेताजी बोस जैसे लाखों अमर बलिदानियों के शौर्य से 15 अगस्त 1947 को हमें आजादी मिली। आज जब हमारा तिरंगा चांद के दक्षिणी ध्रुव पर शान से लहराता है, देश की नारी शक्ति हर क्षेत्र में नेतृत्व करती है, डिजिटल इंडिया और स्टार्टअप इंडिया से लेकर गांव-गांव तक विकास यात्रा पहुंचती है, तो हर भारतीय का सीना गर्व से चौड़ा हो जाता है।

कपिल मिश्रा ने एक्स पोस्ट में आगे लिखा कि आइए, इस पावन अवसर पर हम संकल्प लें कि महान वीरों के बलिदान से मिले इस भारत को हम कभी टूटने नहीं देंगे। राष्ट्रवाद के संकल्प के साथ हम एक थे, एक हैं और सदैव एक रहेंगे। आप सभी को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। 2047 के ‘विकसित भारत’ के निर्माण में अपना सर्वोच्च योगदान दें।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments