स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर दिल्ली पुलिस के 17 अधिकारियों और कर्मियों को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए पदक से सम्मानित किया गया है।
नई दिल्ली: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर दिल्ली पुलिस के 17 अधिकारियों और कर्मियों को उनकी सेवाओं के लिए पदक प्रदान किए गए हैं। अधिकारियों ने शुक्रवार को जानकारी देते हुए कहा कि इनमें दो अधिकारियों को विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पदक (पीएसएम) और 15 कर्मियों को सराहनीय सेवा पदक (एमएसएम) दिया गया है।
होम गार्ड के डीजी को मिला राष्ट्रपति पदक
विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पदक पाने वालों में भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के अधिकारी दिनेश कुमार गुप्ता और उपनिरीक्षक राजेश कुमार शामिल हैं। 2010 बैच के अधिकारी गुप्ता फिलहाल अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (यातायात) के तौर पर तैनात हैं। विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पदक से होम गार्ड के महानिदेशक (डीजी) एस के शौकीन को भी नवाजा गया है।
इन्हें मिला सराहनीय सेवा पदक
वहीं, सराहनीय सेवा पदक पाने वालों में आईपीएस के 2007 बैच के अधिकारी सुरेंद्र कुमार और नूपुर प्रसाद के नाम प्रमुख हैं। सुरेंद्र कुमार संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध शाखा) में और प्रसाद संयुक्त पुलिस आयुक्त (आर्थिक अपराध शाखा) के पद पर तैनात हैं। इनके अलावा निरीक्षक राकेश कुमार भट्ट व तारा दत्त को भी सराहनीय सेवा पदक दिया गया है।
किन हेड कांस्टेबलों को मिला सराहनीय सेवा पदक
अधिकारियों ने बताया कि सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) कैलाश चंद, एएसआई अंजना कुमारी, एएसआई सतीश पाटिल, एएसआई आनंद बल्लभ, एएसआई प्रदीप कुमार शर्मा, एएसआई बिंदु व एएसआई दिनेश कुमारी को भी सराहनीय सेवा पदक से नवाजा गया है। उनके मुताबिक, हेड कांस्टेबल रैंक में सराहनीय सेवा पदक के लिए ललिता, शर्मिला, पुष्पा रानी और विजय सिंह के नाम शामिल हैं।

