ग्रेटर नोएडा के गैंगस्टर रणदीप भाटी की मंडोली जेल में हत्या की साजिश का खुलासा हुआ है। साजिश में रोहित चौधरी और छेनू पहलवान के नाम सामने आए हैं। जेल प्रशासन ने चार दिन पहले फोन और नुकीले हथियार बरामद कर साजिश नाकाम की। रणदीप की सुरक्षा बढ़ाकर QRT तैनात की गई है। तीनों गैंगस्टरों को अलग जेलों में भेजने पर भी विचार है।
हाइलाइट्स
रणदीप भाटी की हत्या की साजिश का खुलासा
रोहित चौधरी और छेनू पहलवान के नाम आए सामने
जेल में हथियार बरामद, रणदीप की सुरक्षा बढ़ाई गई
नई दिल्लीः वेस्टर्न यूपी के कुख्यात गैंगस्टर रणदीप भाटी की मंडोली जेल में हत्या की साजिश का खुलासा हुआ है। इस साजिश के पीछे साउथ दिल्ली के बदमाश रोहित चौधरी और नॉर्थ ईस्ट दिल्ली के इरफान उर्फ छेनू पहलवान का नाम सामने आया है। तीनों मंडोली जेल नंबर-15 में बंद हैं।
सूत्रों के मुताबिक, जेल प्रशासन ने 4 दिन पहले फोन और नुकीले हथियार बरामद कर साजिश नाकाम कर दी। इसके बाद रणदीप की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
गैंगस्टर मामले में नहीं मिली बेल
सूत्रों के मुताबिक, ग्रेटर नोएडा के रिठोरी गांव का रहने वाला रणदीप कई मामलों में जमानत पा चुका है। हालांकि, यूपी गैंगस्टर एक्ट के मामले में उसे अभी बेल नहीं मिली है। इस मामले में भी जल्द जमानत मिलने की उम्मीद है। ऐसे में उसके अगले महीने तक जेल से बाहर आने की संभावना है। इसी जेल में आया नगर का रोहित चौधरी और सीलमपुर का छेनू पहलवान भी बंद हैं। दोनों UAPA के अलग-अलग मामलों में जेल में हैं।
सूत्रों ने बताया कि 4 दिन पहले रोहित और छेनू के गुर्गों से फोन और नुकीले हथियार बरामद हुए थे। जांच में रणदीप की हत्या की साजिश का खुलासा हुआ। इसके बाद जेल प्रशासन ने उसकी सुरक्षा में हर समय दो स्टाफकर्मियों को तैनात किया है।
बैरक के बीच लगाई गई QRT
रणदीप और दूसरे दोनों गैंगस्टरों के बैरक के बीच क्विक रिस्पॉन्स टीम लगाई गई है। दोनों गैंग से जुड़े सदस्यों पर भी निगरानी रखी जा रही है। तीनों को अलग जेलों में भेजने पर भी विचार हो सकता है।
गैंगवॉर के किरदार
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, रिठोरी के नरेश भाटी और घघोला के सुंदर भाटी कभी दोस्त थे। वर्चस्व को लेकर दोनों दुश्मन बन गए। मार्च 2004 में सुंदर ने नरेश की हत्या कर दी। इसके बाद नरेश के भाई रणपाल ने सुंदर के भाई प्रताप की हत्या की। रणपाल 2006 मे एनकाउंटर में मारा गया। इसके बाद रणदीप ने गैंग की कमान संभाली। उसे अनिल दुजाना का साथ मिला। सुंदर को 2015 के मर्डर केस में उम्रकैद हुई लेकिन वो जमानत पर है। रणदीप को 2013 के कत्ल के मामले में उम्रकैद हुई थी।

