Homeक्राइमजमानत पर बाहर आए पोते ने दादी को मार डाला, पुलिस स्टेशन...

जमानत पर बाहर आए पोते ने दादी को मार डाला, पुलिस स्टेशन जाकर खुद कबूला जुर्म

पुणे के सांगवी में संपत्ति विवाद के चलते ओंकार शिंगोरे ने अपनी सौतेली दादी मंगला शिंगोरे की चाकू मारकर हत्या कर दी. घटना 9 अक्टूबर की सुबह करीब साढ़े नौ बजे हुई. तीन मंजिला इमारत में हिस्से को लेकर दोनों के बीच वर्षों से विवाद था. हत्या के बाद आरोपी खुद पुलिस स्टेशन पहुंचा और जुर्म कबूल कर लिया. वह दूसरे हत्या मामले में जमानत पर बाहर था.

महाराष्ट्र के पुणे में संपत्ति विवाद को लेकर एक और रिश्ते के कत्ल का मामला सामने आया है. सांगवी में 9 अक्टूबर को ओंकार शिंगोरे ने अपनी सौतेली दादी मंगला शिंगोरे की चाकू मारकर हत्या कर दी. आरोपी ने उनकी गर्दन के पीछे चाकू से वार किया. वारदात को अंजाम देने के बाद वह सीधे सांगवी पुलिस स्टेशन पहुंचा और पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल कर लिया.

अचानक थाने पहुंचकर हत्या की बात स्वीकार करने से पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए. इसके बाद पुलिस ने तत्काल एक टीम घटनास्थल पर भेजी. वहां जांच के दौरान वारदात की पुष्टि हुई, जिसके बाद ओंकार शिंगोरे को गिरफ्तार कर लिया गया.

पुलिस के मुताबिक, मंगला और ओंकार के बीच पिछले कई वर्षों से तीन मंजिला इमारत की संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था. मंगला आरोपी की सौतेली दादी थीं. संपत्ति में हिस्सा नहीं मिलने की वजह से दोनों के बीच तनाव बढ़ता जा रहा था. विवाद सुलझाने के लिए कई बार कोशिशें भी की गईं, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका.

बताया जा रहा है कि 9 अक्टूबर की सुबह करीब साढ़े नौ बजे ओंकार ने तीसरी मंजिल पर रहने वाली मंगला शिंगोरे की हत्या कर दी. आरोपी पहले भी हत्या के एक अन्य मामले में गिरफ्तार हो चुका था और फिलहाल जमानत पर बाहर था. इसी दौरान उसने अपनी सौतेली दादी की हत्या की वारदात को अंजाम दिया.

इस घटना ने एक बार फिर संपत्ति के विवाद में पारिवारिक रिश्तों के हिंसक अंत पर सवाल खड़े कर दिए हैं. एक ही शहर में संपत्ति को लेकर बुजुर्ग और युवा परिजनों के बीच हुई दो हत्याओं ने लोगों को झकझोर दिया है.

लोणावला में दादा ने पोते की हत्या की थी

सांगवी की घटना से पहले पुणे के लोणावला में भी संपत्ति विवाद के चलते हत्या का मामला सामने आया था. वहां 82 वर्षीय दादा ने कथित तौर पर राइफल से गोली मारकर अपने 32 वर्षीय पोते की हत्या कर दी थी. अब सांगवी में पोते द्वारा अपनी सौतेली दादी की हत्या किए जाने की घटना ने इस मुद्दे को फिर चर्चा में ला दिया है.

फिलहाल, सांगवी हत्याकांड की आगे की जांच वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक जितेंद्र कोली कर रहे हैं. पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है.

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments