Homeक्राइमकानपुर में थार से महिला चालक ने स्कूटी सवार को रौंदा, 55...

कानपुर में थार से महिला चालक ने स्कूटी सवार को रौंदा, 55 साल के शख्स की मौत

कानपुर के कल्याणपुर में तेज रफ्तार थार ने स्कूटी सवार संतोष सिंह चौहान को टक्कर मार दी. 55 वर्षीय संतोष की मौके पर ही मौत हो गई. प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि गाड़ी महिला चला रही थी और उसमें दो महिलाएं व एक पुरुष सवार थे. तीनों क्षतिग्रस्त थार छोड़कर दूसरी कार से फरार हो गए. पुलिस CCTV फुटेज खंगाल रही है.

उत्तर प्रदेश के कानपुर में तेज रफ्तार थार चला रही महिला ने स्कूटी सवार 55 वर्षीय शख्स को कुचल दिया. हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि थार अनियंत्रित होकर एक रिहायशी मकान की बाउंड्री तोड़ते हुए बगीचे में जा घुसी. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गाड़ी में दो महिलाएं और एक पुरुष सवार थे. इनमें से एक महिला थार चला रही थी.

मृतक की पहचान आवास विकास-3 निवासी संतोष सिंह चौहान के रूप में हुई है. शनिवार रात करीब 7:30 बजे वह स्कूटी लेकर घर से निकले थे. उनके बेटे राहुल चौहान के मुताबिक, पिता ने मां के लिए साड़ी लेकर आए थे और जल्द लौटने की बात कहकर निकले थे. कुछ देर बाद ही परिवार को उनकी मौत की खबर मिल गई. हादसा घर से महज 500 मीटर की दूरी पर हुआ.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, थार काफी तेज रफ्तार में थी. उसने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी. इसके बाद चालक गाड़ी पर नियंत्रण नहीं रख सका और वाहन प्रोफेसर कैलाश चौहान के मकान की बाउंड्री तोड़ते हुए अंदर घुस गया. फिर पास की दूसरी संपत्ति की दीवार से भी टकरा गया.

बाउंड्री तोड़कर बगीचे में घुसी थार

हादसे के बाद थार प्रोफेसर कैलाश चौहान के मकान की बाउंड्री पार कर बगीचे में जा पहुंची. इसके बाद वह बेंगलुरु में तैनात जीएसटी अधीक्षक अनीता महादेवन की पड़ोसी संपत्ति की बाउंड्री से भी टकराई. टक्कर की तेज आवाज सुनकर प्रोफेसर कैलाश चौहान घर से बाहर आए.

उन्होंने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त एसयूवी में दो महिलाएं और एक पुरुष मौजूद थे. उनके मुताबिक, गाड़ी एक महिला चला रही थी. हादसे में स्कूटी सवार संतोष सिंह चौहान की घटनास्थल पर ही मौत हो चुकी थी.

प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि दुर्घटना के बाद तीनों लोग क्षतिग्रस्त थार से बाहर निकले और वहां से गुजरने के बजाय कुछ देर बाद मौके पर पहुंची दूसरी कार में बैठकर फरार हो गए. इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. पुलिस अब फरार लोगों की पहचान करने में जुटी है.

नंबर प्लेट से थार मालिक का पता लगाया, चालक की तलाश

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त थार की नंबर प्लेट के आधार पर उसके रजिस्टर्ड मालिक का पता लगाया है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, वाहन कृष्ण कुमार के नाम पर दर्ज है. उनका पंजीकृत पता पनकी के बहादुर नगर का बताया गया है.

इस मामले में थार से संबंधित केस दर्ज किया गया है. पुलिस जांच कर रही है कि हादसे के वक्त एसयूवी कौन चला रहा था और उसमें सवार अन्य लोग कौन थे. वाहन के मालिक से मिली जानकारी और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी जांच का हिस्सा हैं.

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस, दूसरी कार से भागने वालों की तलाश

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. इसके जरिए तीनों लोगों की पहचान करने के साथ उस दूसरी कार का पता लगाने की कोशिश की जा रही है, जिसमें बैठकर वे कथित तौर पर फरार हुए थे. पुलिस यह भी पता लगा रही है कि दूसरी गाड़ी किस रास्ते से आई और वहां से किस दिशा में गई.

फिलहाल, थार चला रही महिला की पहचान और दुर्घटना के समय की परिस्थितियां जांच के दायरे में हैं. पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों, वाहन मालिक से मिली जानकारी और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है.

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments