Homeक्राइमपत्नी के पूजा-पाठ और त्योहार मनाने से चिढ़ता था पति, कुल्हाड़ी से...

पत्नी के पूजा-पाठ और त्योहार मनाने से चिढ़ता था पति, कुल्हाड़ी से काट डाला… MP में खौफनाक वारदात

मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में धार्मिक मान्यताओं और पूजा-पाठ को लेकर चल रहा पति-पत्नी का विवाद खूनी वारदात में बदल गया. गुराड़खेड़ा गांव में रामबाबू गुर्जर ने कथित तौर पर कुल्हाड़ी से हमला कर पत्नी गायत्रीबाई (36) की हत्या कर दी.

मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में धार्मिक मान्यताओं को लेकर पति-पत्नी के बीच चल रहा विवाद खौफनाक वारदात में बदल गया. गुराड़खेड़ा गांव में पति रामबाबू गुर्जर ने कथित तौर पर अपनी पत्नी गायत्रीबाई गुर्जर (36) पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी. वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया. मृतका के पिता के मुताबिक गायत्रीबाई ने पहले ही फोन कर आशंका जताई थी कि पति उसे मार देगा. उसने पिता से कहा था, “जल्दी आ जाओ, पति मार देगा.” घटना राजगढ़ कोतवाली थाना क्षेत्र की है.

भगवान की पूजा और त्योहार मनाने पर होता था विवाद

परिजनों के मुताबिक पति-पत्नी के बीच भगवान को मानने, पूजा-पाठ और त्योहार मनाने को लेकर अक्सर विवाद होता था. मृतका के पिता का आरोप है कि रामबाबू पत्नी से कहता था कि भगवान को मत मानो, भगवान ही सबकुछ नहीं हैं. गायत्रीबाई के पूजा-पाठ करने पर भी वह आपत्ति जताता था. बताया गया कि पति अधिकतर समय घर से बाहर रहता था.

पीठ पर तीन, गर्दन पर एक वार

शुरुआती जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब 9:30 बजे गायत्रीबाई पर कुल्हाड़ी से चार वार किए गए. उनकी पीठ पर तीन और गर्दन पर एक वार किया गया. हमले में महिला की मौत हो गई. घटना के पीछे पारिवारिक विवाद की भी बात सामने आई है.

राजगढ़ कोतवाली प्रभारी मंजू मखेनिया ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया. पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी रामबाबू गुर्जर की तलाश शुरू कर दी है.

गुराड़खेड़ा गांव कोतवाली थाने से करीब 32 किलोमीटर दूर और राजस्थान सीमा से लगभग आधा किलोमीटर की दूरी पर है. पोस्टमार्टम के बाद गायत्रीबाई का शव पिता को सौंप दिया गया. शनिवार शाम करीब 5:30 बजे शव जिला अस्पताल पहुंचा. मृतका के दो बेटे हैं. बड़ा बेटा गब्बर 14 साल और छोटा बेटा धनराज 8 साल का है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments