खंडवा में स्पा सेंटर की आड़ में अनैतिक गतिविधियां संचालित हो रही थीं। देर रात पुलिस ने वहां दबिश दी है। स्पा सेंटर से खंडवा पुलिस ने तीन युवक और तीन युवतियों को गिरफ्तार किया है। इनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।
हाइलाइट्स
खंडवा पुलिस ने रात में स्पा सेंटर पर दी दबिश
स्पा सेंटर में अनैतिक कार्य होने की मिली थी जानकारी
पुलिस ने तीन युवक और तीन युवतियों को किया डिटेन
सभी को मोघट रोड थाने में लाकर की जा रही है पूछताछ
खंडवा: शहर के मोघट थाना क्षेत्र अंतर्गत आनंद नगर में संचालित एक स्पा सेंटर पर पुलिस ने देर रात छापामार कार्रवाई की। पुलिस को यहां मसाज की आड़ में अनैतिक गतिविधियां संचालित होने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों के आधार पर पुलिस ने पहले सेंटर की रेकी की और इसके बाद कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस ने मौके से तीन युवक और तीन युवतियों को राउंडअप किया, जिनसे पूछताछ की जा रही है।
एसपी के नेतृत्व में गठित की गई थी टीम
आनंद नगर स्थित द बेस्ट स्पा को लेकर स्थानीय लोगों से लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए खंडवा एसपी अगम जैन के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने सेंटर की गतिविधियों पर नजर रखने के बाद देर रात दबिश दी।
तीन युवतियां मिलीं, खंडवा की नहीं
कार्रवाई के दौरान पुलिस को स्पा सेंटर के अंदर तीन युवक और तीन युवतियां मिलीं। सीएसपी अभिनव बारंगे ने बताया कि युवकों से पूछताछ की जा रही है। मौके पर मिली तीनों युवतियां खंडवा की नहीं हैं और बाहर से आई हुई बताई जा रही हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवतियां सेंटर में किस भूमिका में काम कर रही थीं और यहां किस प्रकार की गतिविधियां संचालित हो रही थीं।
मौके से आपत्तिजनक सामग्री जब्त
पुलिस को कार्रवाई के दौरान मौके से कुछ आपत्तिजनक सामग्री भी मिली है, जिसे जब्त कर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सामग्री और पूछताछ के आधार पर आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। सीएसपी अभिनव बारंगे ने बताया शहर के तीन मसाज पार्लरों को लेकर शिकायतें पुलिस तक पहुंची थीं। शिकायतों की जांच और रेकी के बाद पुलिस को द बेस्ट स्पा सेंटर में संदिग्ध गतिविधियां संचालित होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने यहां कार्रवाई की।
स्थानीय लोगों ने ली राहत की सांस
पुलिस की कार्रवाई के बाद स्पा सेंटर के आसपास रहने वाले लोगों ने राहत की सांस ली। स्थानीय लोगों का कहना है कि सेंटर के आसपास देर रात तक वाहनों की आवाजाही बनी रहती थी। लोगों ने पुलिस से लंबे समय से गतिविधियों की जांच की मांग की थी। फिलहाल पुलिस तीनों युवकों और युवतियों से पूछताछ कर रही है। जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

