Homeभारतमध्यप्रदेशचलती स्कूल वैन का दरवाजा खुला, सड़क पर गिरा 10 साल का...

चलती स्कूल वैन का दरवाजा खुला, सड़क पर गिरा 10 साल का छात्र… पहिए के नीचे आने से दर्दनाक मौत

मध्य प्रदेश के कटनी में स्कूल जाते समय 10 साल के छात्र की दर्दनाक मौत हो गई. पुलिस के मुताबिक, चलती वैन का दरवाजा अचानक खुलने से तीसरी कक्षा का छात्र सड़क पर गिर गया और वाहन के पहिए की चपेट में आ गया. हादसे के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने चक्का जाम कर दिया. पुलिस ने वैन जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है.

मध्य प्रदेश के कटनी में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 10 साल के छात्र की मौत हो गई. आरोप है कि चलती स्कूल वैन का दरवाजा अचानक खुल गया, जिससे बच्चा सड़क पर गिर पड़ा और वैन के पहिए की चपेट में आ गया. हादसे के बाद बच्चे को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क पर चक्का जाम कर दिया.

मामला कटनी जिले के विजयराघवगढ़ थाना क्षेत्र का है. मृतक छात्र विजयराघवगढ़ का रहने वाला है. वह तीसरी कक्षा का छात्र था. यह छात्र रोज की तरह स्कूल जाने के लिए वैन में सवार हुआ था. रास्ते में चलती वैन का दरवाजा अचानक खुल गया. इस दौरान वह वैन से छिटककर सड़क पर गिर गया और इसी दौरान वाहन के पहिए की चपेट में आ गया. हादसे के बाद बच्चे को तुरंत विजयराघवगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

बच्चे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. परिजन और स्थानीय ग्रामीण बड़ी संख्या में जमा हो गए. आक्रोशित लोगों ने सड़क पर चक्का जाम कर दिया. लोगों ने हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. सूचना मिलने पर विजयराघवगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर जाम खत्म कराया. इसके बाद सड़क पर यातायात बहाल हो सका.

वैन जब्त, ड्राइवर गिरफ्तार

इस पूरे मामले में थाना प्रभारी अभिषेक चौबे ने बताया कि स्कूल वैन से गिरकर मासूम बच्चे की मौत हो गई थी. घटना के बाद परिजनों ने चक्काजाम किया था, जिन्हें शांत करवाते हुए ट्रैफिक सामान्य करवा दिया गया है. पुलिस ने स्कूल की वैन जब्त करते हुए ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया गया है. इस पूरे मामले में मर्ग कायम कर जांच की जाएगी.

घटना को लेकर स्कूल संचालक पूरे मामले से पल्ला झाड़ते नजर आए. संचालक शशांक गुप्ता का कहना है कि स्कूल की वैन नहीं है और उससे हमारा कोई लेना देना नहीं है. वैन स्कूल से अटैच नहीं थी. गाड़ी मालिक खुद से बच्चों को स्कूल लाने ले जाने का काम करते थे.

अब पुलिस की जांच में यह भी सामने आएगा कि जिस वैन से बच्चे स्कूल आते-जाते थे, उसकी व्यवस्था किसकी जिम्मेदारी थी और बच्चों की सुरक्षा के लिए जरूरी इंतजाम किए गए थे या नहीं. फिलहाल, एक मासूम छात्र की मौत के बाद परिवार गम में डूबा है और गांव में गुस्सा है. पुलिस ने ड्राइवर को गिरफ्तार कर वैन जब्त कर ली है, जबकि हादसे की वजह और जिम्मेदारी तय करने के लिए जांच जारी है.

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments