दिल्ली के बिंदापुर इलाके में एमसीडी का बुलडोजर एक्शन शुरू हो गया है। एक निर्माणधीन बिल्डिंग में कार्रवाई हुई है। मौके पर पुलिस फोर्स और एमसीडी के अधिकारी मौजूद रहे।
नई दिल्ली: दक्षिणी दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में बिल्डिंग हादसे के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अवैध निर्माण कार्यों के खिलाफ कड़ा रुख अख्तियार किया है। मुख्यमंत्री ने दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) को गैरकानूनी ढांचों पर बुलडोजर चलाने का निर्देश दिया है। इस आदेश के बाद एमसीडी का बुलडोजर एक्शन राष्ट्रीय राजधानी में शुरू हो गया है। बिंदापुर इलाके में एमसीडी ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया, यहां एक निर्माणाधीन बिल्डिंग पर बुलडोजर एक्शन हुआ है। इस दौरान मौके पर पुलिस फोर्स और एमसीडी के अधिकारी मौजूद रहे।
बिंदापुर में बुलडोजर एक्शन शुरू
राष्ट्रीय राजधानी के कई इलाकों में MCD की ओर से अवैध निर्माण के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के बिंदापुर इलाके में एक निर्माणाधीन इमारत पर बुलडोजर कार्रवाई की गई। जूनियर इंजीनियर अभिषेक पांडे ने बताया कि अवैध निर्माण के विरुद्ध MCD की कार्रवाई हो रही है।
MCD की कार्रवाई पर ये बोले जूनियर इंजीनियर
जूनियर इंजीनियर अभिषेक पांडे ने बताया कि ये हमारा पहले से रूटीन कार्यक्रम था। संबंधित पुलिस स्टेशन में पहले ही हमारा पत्र जा चुका है। एक महीने पहले ही इमारत को तोड़ने के संबंध में सूचना दे दी गई थी। थाने में भी नोटिस दिया गया था और संपत्ति मालिक को भी नोटिस दिया गया था। अब निर्माणाधीन बिल्डिंग पर कार्रवाई की गई है।
नेहरू विहार इलाके में चला बुलडोजर
बिंदापुर में बुलडोजर एक्शन पहली कार्रवाई नहीं है। राष्ट्रीय राजधानी में अवैध निर्माण के खिलाफ एक्शन तेज हो गया है। MCD ने स्ट्रक्चरल ऑडिट शुरू किया, नेहरू विहार इलाके में एक घर के खिलाफ कार्रवाई की। पूरा घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब साउथ कैंपस के पास सत्य निकेतन में पिछले दिनों एक बिल्डिंग गिरी थी। इस घटना में 5 स्टूडेंट समेत 7 लोगों की जान गई थी।
सत्य निकेतन हादसे के बाद बड़ी कार्रवाई
सत्य निकेतन में पांच मंजिला इमारत गिरने के बाद सीएम रेखा गुप्ता ने सख्त निर्देश अधिकारियों को दिए थे। मुख्यमंत्री के इस निर्देश पर बुधवार को दिल्ली के कई इलाकों में कार्रवाई की जा रही है। मुख्यमंत्री ने नगर निगम के सभी वरिष्ठ अधिकारियों को जमीन पर मौजूद रहने के निर्देश दिए हैं ताकि कार्रवाई का प्रभावी संचालन हो सके।
सीएम रेखा गुप्ता ने दिया सख्त एक्शन के निर्देश
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आदेश जारी करते हुए कहा कि दिल्ली के सभी ‘पेइंग गेस्ट’ (पीजी) छात्रावासों का सघन निरीक्षण किया जाए और जहां भी अवैध निर्माण पाया जाए, वहां तुरंत कार्रवाई की जाए। इसके अलावा, रेखा गुप्ता ने भवनों के रिकॉर्ड खंगालने के भी आदेश दिए हैं। उन्होंने यह पता लगाने के निर्देश दिए हैं कि अवैध निर्माण आखिर किस वर्ष में हुआ था और उस समय यह किस अधिकारी के अधिकार क्षेत्र के अंतर्गत आता था।

