Homeभारतदिल्लीदिल्ली की आजादपुर मंडी में हेलमेट पहनकर आए हमलावरों का तांडव; कारोबारी...

दिल्ली की आजादपुर मंडी में हेलमेट पहनकर आए हमलावरों का तांडव; कारोबारी मोहम्मद आलम को मारीं 7 गोलियां

आजादपुर मंडी में हरी धनिया कारोबारी मोहम्मद आलम की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हेलमेट पहने तीन हमलावरों ने करीब दर्जन भर गोलियां चलाईं, जिनमें सात आलम को लगीं। परिवार ने कारोबारी रंजिश को हत्या की वजह बताया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल, जांच कर रही है।

नई दिल्ली: आजादपुर मंडी में सोमवार देर रात हरी धनिया के कारोबारी मोहम्मद आलम (28) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हेलमेट पहने तीन हमलावरों ने कारोबारी पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने करीब दर्जन भर गोलियां चलाईं, जिनमें से सात गोलियां आलम को लगीं। गंभीर हालत में उन्हें बाबू जगजीवन राम अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिवार ने शुरुआती जांच में कारोबारी रंजिश को हत्या की वजह बताया है। आदर्श नगर थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मोहम्मद आलम अपने भाई अब्दुल सत्तार और परिवार के साथ जहांगीरपुरी के एच-4 ब्लॉक में रहते थे।
वह मूलरूप से बिहार के सहरसा के रहने वाले थे और आज़ादपुर मंडी में हरे धनिया का कारोबार करते थे।
उनके भाई अब्दुल सत्तार के मुताबिक, आलम करीब चार महीने गांव में रहने के बाद हाल ही में दिल्ली लौटे थे।

सोमवार देर रात वह मंडी में अपनी दुकान पर मौजूद थे। इसी दौरान हेलमेट पहने तीन हमलावर वहां पहुंचे और आलम को निशाना बनाकर गोलियां चलानी शुरू कर दीं।

अब्दुल सत्तार का आरोप है कि हमलावरों में एक महिला भी शामिल थी।
गोलीबारी के बाद तीनों हमलावर पैदल ही मौके से फरार हो गए।

अचानक हुई फायरिंग से मंडी में अफरातफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल आलम को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

सात गोलियां लगीं मो. आलम को

नॉर्थ-वेस्ट जिले की डीसीपी आकांक्षा यादव ने बताया कि रात करीब पौने एक बजे आदर्श नगर थाना पुलिस को बाबू जगजीवन राम अस्पताल से एक कारोबारी को गोली लगने के बाद भर्ती कराए जाने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम अस्पताल पहुंची तो डॉक्टरों ने मोहम्मद आलम को मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जांच में उनके शरीर पर गोली लगने के सात घाव मिले हैं। वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल पर क्राइम टीम और फॉरेंसिक टीम को बुलाया। टीम ने मौके से कई खोखे और अन्य अहम साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी कब्जे में लेकर उनकी जांच शुरू कर दी है।

हेलमेट पहने तीन हमलावरों ने बरसाईं कारोबारी पर ताबड़तोड़ गोलियां
हमलावरों में एक महिला के भी शामिल होने का लगाया गया है आरोप
मृतक को लगीं सात गोलियां, परिवार ने जताई कारोबारी रंजिश में हत्या की आशंका

कारोबार को लेकर चल रहा था विवाद

पुलिस की पूछताछ में परिवार ने बताया कि मोहम्मद आलम का कारोबार को लेकर कुछ लोगों से विवाद चल रहा था। आलम ने इस विवाद की जानकारी अपने भाई को भी दी थी। ऐसे में परिवार को आशंका है कि इसी कारोबारी रंजिश के चलते उनकी हत्या की गई। हालांकि पुलिस कारोबार संबंधी विवाद के अलावा हत्या के अन्य पहलुओं को भी ध्यान में रखकर जांच कर रही है। हमलावरों के आने-जाने के रास्ते, उनकी पहचान का पता लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments