जाफराबाद में इंस्टाग्राम पर हुए विवाद के बाद 19 वर्षीय साहिल की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने चार घंटे के भीतर मुख्य आरोपी साहिल को गिरफ्तार कर चाकू बरामद किया है। मामले में 15 वर्षीय नाबालिग को भी पकड़ा गया है।
जाफराबाद: नॉर्थ ईस्ट दिल्ली के जाफराबाद में इंस्टाग्राम पर हुए विवाद में साहिल (19) की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मुख्य आरोपी साहिल (21) को गिरफ्तार कर लिया। इसकी निशानदेही पर चाकू भी बरामद किया। आरोपी और मृतक तीन साल से साथ काम करते थे।
पुलिस ने चार घंटे के भीतर मुख्य आरोपी और नाबालिग को पकड़ा
आरोपी ने बताया कि इंस्टाग्राम पर मृतक ने अभद्र टिप्पणी की थी, जिससे हुए विवाद में उसने चाकू से हमला कर दिया। इस मामले में एक 15 साल का नाबालिग भी पकड़ा गया है, जो तीन दिन से आरोपी के साथ रह रहा था। पुलिस इसकी भूमिका की जांच कर रही है। डीसीपी (नॉर्थ ईस्ट) राहुल अलवाल के मुताबिक, जाफराबाद पुलिस को 6 सितंबर की रात करीब 10 बजे जग प्रवेश चंद्र अस्पताल से चाकू से जख्मी युवक की मौत होने की सूचना मिली। मृतक की पहचान साहिल (19) के रूप में हुई, जो मूल रूप से यूपी के अमरोहा के रहने वाले थे। जांच में पता चला कि साहिल जाफराबाद में पाउडर कोटिंग फैक्ट्री में काम करते थे और वहीं रहते भी थे।
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी
शुरुआती जांच में पता चला कि साहिल पर उसके साथ ही काम करने वाले युवक ने चाकू से हमला किया था। पुलिस ने मौके पर फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को बुलाया। एसीपी सहदेव कुमार राणा की देखरेख में एसएचओ तनवीर अहमद, इंस्पेक्टर किरणपाल और एसआई अयूब की टीम ने छापेमारी कर चार घंटे के भीतर आरोपी साहिल (21) को गौतमपुरी इलाके से पकड़ लिया। इसके साथ 15 साल के एक नाबालिग को भी पकड़ा गया है।

