ब्रिक्स समिट के लिए NDMC ने दिल्ली में सफाई व्यवस्था हाई अलर्ट पर कर दी है। 300 कर्मचारी रात में सफाई करेंगे और 10 मैकेनिकल रोड स्वीपर तैनात रहेंगे। प्रमुख बाजारों में तीन शिफ्ट में सफाई होगी। सड़कों की मरम्मत और सजावट भी की जा रही है।
नई दिल्ली: ब्रिक्स समिट के दौरान मेहमानों को अच्छा फील कराने के लिए नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) की तैयारियां जोरों पर शुरू हो चुकी हैं। सफाई व्यवस्था को पूरी तरह हाई अलर्ट पर कर दिया गया है। सिर्फ और सिर्फ इलाके की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त बनाए रखने के लिए सफाई कर्मचारियों की लंबी चौड़ी फौज को ग्राउंड में उतारा गया है। इनमें से 300 कर्मचारी रात के समय साफ सफाई करेंगे। इसके साथ ही 10 मैकेनिकल रोड स्वीपर (MRS) को भी ग्राउंड पर तैनात किया गया है। लक्ष्य है कि रात में ही प्रमुख सड़कों और सार्वजनिक स्थानों की अधिकतर सफाई पूरी कर ली जाए, ताकि सुबह यातायात और लोगों की आवाजाही बढ़ने से पहले इलाके साफ मिलें। NDMC ने भारी संख्या में या तो कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं या उन्हें सीमित किया गया है। इसके अलावा सीनियर अधिकारियों, सुपरवाइजर स्टाफ और पालिका सहायकों को 24 घंटे उपलब्ध रहने के निर्देश दिए गए हैं। NDMC का कमांड कंट्रोल सेंटर 24 घंटे चप्पे चप्पे पर निगरानी रख रहा है।
10 मैकेनिकल रोड स्वीपर भी ग्राउंड पर तैनात
NDMC का कहना है कि रात की शिफ्ट में सड़कों पर झाड़ू लगाने के साथ जमा और बिखरा हुआ कूड़ा उठाने, डस्टबिन और ट्रॉलियों को खाली करने का काम किया जा रहा है। NDMC ने प्रमुख बाजारों की सफाई व्यवस्था भी बढ़ा दी है। इन बाजारों में अब सुबह, शाम और रात तीन शिफ्ट में सफाई की जा रही है। मुख्य सड़कों और महत्वपूर्ण मार्गों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। अधिक भीड़ वाले बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा जमा न हो, इसके लिए डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन का काम भी तेज किया गया है। स्वच्छता अभियान में मशीनों का इस्तेमाल भी बढ़ाया गया है।
ब्रिक्स के चलते 11 को स्कूलों में रहेगी छुट्टी
दिल्ली में आयोजित होने वाले ब्रिक्स समिट के मद्देनजर राजधानी में 11 सितंबर को सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूल बंद रहेंगे। दिल्ली सरकार के शिक्षा निदेशालय ने 5 सितंबर को इस संबंध में सर्कुलर जारी कर छुट्टी घोषित की है। शिक्षा निदेशालय के को-ऑर्डिनेशन ब्रांच की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, 11 सितंबर को निदेशालय के अधीन आने वाले सभी कार्यालयों और स्कूलों में अवकाश रहेगा। इसमें सरकारी स्कूलों के साथ-साथ सरकारी सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त निजी स्कूल भी शामिल हैं।
दिल्ली की सड़कों को मिलेगा नया लुक
दिल्ली एयरपोर्ट से नई दिल्ली एरिया को जोड़ने वाली सड़कें जल्द नए लुक में नजर आएंगी। सड़कों के किनारे लगे काले-पीले कर्ब स्टोन हटाकर सफेद-काले कर्ब स्टोन लगाए जा रहे हैं। भारत मंडपम्, लुटियंस दिल्ली, द्वारका लिंक रोड और रिंग रोड पर गड्ढ़ों को पैच वर्क से भरा जा रहा है। एयरपोर्ट से धौला कुआं रूट पर थर्मोप्लास्टिक पेंट से ज़ेब्रा क्रॉसिंग, लेन मार्किंग और स्टॉप लाइनों को दोबारा पेंट किया जा रहा है।
ब्रिक्स मेहमानों के स्वागत में सजेंगी सड़कें
पीडब्ल्यूडी अफसरों के अनुसार, ब्रिक्स सम्मेलन के लिए एयरपोर्ट, द्वारका लिंक रोड और नई दिल्ली की कुछ सड़कों के सेंट्रल वर्ज, फुटपाथ और चौराहों पर नए पौधे, मौसमी फूल और सजावटी गमले लगाए जा रहे हैं। इसके अलावा ब्रिक्स थीम पर आधारित ब्रैंडिंग, होर्डिंग्स और खास कलाकृतियां भी लगाई जा रही हैं।

