मध्य प्रदेश के सिवनी जिले की केवलारी तहसील के अंतर्गत आने वाले ग्राम सुआ के एक प्राथमिक स्कूल में शिक्षक दिवस पर केक खाने के बाद आठ छात्रों की अचानक तबीयत बिगड़ गई। बच्चों को उल्टी, दस्त और चक्कर आने की शिकायत के बाद तुरंत पांडिया छपारा स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल सिवनी रेफर कर दिया गया।
सिवनी: जिले से एक चौंकाने वाली और चिंताजनक खबर सामने आ रही है। जिले की केवलारी तहसील के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत उगदीवाड़ा के पोषक ग्राम सुआ स्थित प्राथमिक शाला में शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में एक जश्न का माहौल उस वक्त मातम और अफरा-तफरी में बदल गया, जब केक खाने के बाद अचानक आठ स्कूली छात्रों की तबीयत बिगड़ गई। इस घटना के बाद से न केवल बच्चों के परिजनों में भारी हड़कंप मचा है, बल्कि स्कूलों में बांटी जाने वाली खाद्य सामग्रियों की गुणवत्ता पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
कैसे हुई घटना और बच्चों को क्या हुईं समस्याएं?
मिली जानकारी के अनुसार, स्कूल में शिक्षक दिवस का कार्यक्रम मनाया जा रहा था और इस दौरान बच्चों को केक खिलाया गया था। केक खाने के कुछ ही समय बाद बच्चों की सेहत तेजी से बिगड़ने लगी। छात्रों को अचानक तेज चक्कर आने लगे, जी मिचलाने लगा और इसके साथ ही उल्टी व दस्त की गंभीर शिकायतें शुरू हो गईं। बच्चों की ऐसी हालत देखकर शिक्षकों और परिजनों के हाथ-पैर फूल गए।
बच्चों को उल्टी-दस्त और चक्कर की शिकायत के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल सभी बच्चों की हालत स्वस्थ और पूरी तरह नियंत्रण में है।
डॉ. पारस पटेरिया, जिला अस्पताल सिवनी
तत्काल अस्पताल में कराया गया भर्ती
स्थिति की गंभीरता को समझते हुए शिक्षक सतेन्द्र सोनवाने और परिजनों ने बिना कोई देर किए सभी बच्चों को तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पांडिया छपारा पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार तो किया, लेकिन स्वास्थ्य संबंधी लगातार शिकायतों को देखते हुए एहतियात के तौर पर सभी आठों छात्रों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल सिवनी रेफर कर दिया गया।
डॉक्टरों की देखरेख में चल रहा है इलाज
सिवनी जिला अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों की टीम ने तुरंत बच्चों का उपचार शुरू कर दिया। अस्पताल के डॉक्टरों के मुताबिक, बच्चों को अगले 24 घंटे तक कड़ी चिकित्सकीय निगरानी में रखा जाएगा ताकि किसी भी प्रकार की जोखिम की संभावना को पूरी तरह टाला जा सके। इस घटना ने एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि स्कूलों में आयोजित होने वाले छोटे-बड़े कार्यक्रमों के दौरान बच्चों को दिए जाने वाले खान-पान की गुणवत्ता की जांच आखिर क्यों नहीं की जाती।
सिवनी जिले के केवलारी तहसील के सुआ गांव के प्राथमिक स्कूल की घटना।
शिक्षक दिवस पर केक खाने से आठ बच्चों को उल्टी, दस्त और चक्कर आने की शिकायत हुई।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से बच्चों को जिला अस्पताल सिवनी किया गया रेफर।
डॉक्टरों के मुताबिक सभी बच्चों की हालत खतरे से बाहर और नियंत्रण में है।

