Homeभारतदिल्ली80 लाख के सोने पर थी नजर, भतीजी ने बॉयफ्रेंड संग रची...

80 लाख के सोने पर थी नजर, भतीजी ने बॉयफ्रेंड संग रची हत्या की साजिश; खौफनाक वारदात को दिया अंजाम

रोहिणी में 60 वर्षीय राकेश खन्ना की हत्या और लूट की गुत्थी पुलिस ने तीन घंटे में सुलझाई। पुलिस के मुताबिक, पत्नी की 23 वर्षीय भतीजी सिमरन ने प्रेमी हिमांशु और दो युवकों संग साजिश रची। आरोपियों ने खन्ना की हत्या कर 1.5 लाख रुपये व सोना लूटा। सिमरन, चिराग और पारस गिरफ्तार, हिमांशु फरार है।

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के रहने वाले 60 वर्षीय राकेश खन्ना ने अपने बुढ़ापे को सुरक्षित करने के लिए एक रियल एक्टेट डील की। उन्होंने सोचा था इस डील से मिले पैसों से उनके आगे की जिंदगी आसानी से गुजर जाएगी, लेकिन इन पैसों ने ही उनकी जान ले ली। उनकी इस डील की भनक एक रिश्तेदार को लग गई और उसने उन्हें लूटने की साजिश रची।

शुरू में जो मामला हत्या और लूटपाट की साजिश जैसा लग रहा था, वह असल में लालच और धोखे का मामला निकला। मंगलवार को हुई उनकी हत्या के पीछे उनकी पत्नी की भतीजी, सिमरन तनेजा का हाथ होने का पता चला, जो इस पूरी साजिश की मास्टरमाइंड थी।

सोने के लिए वारदात को दिया गया अंजाम

पुलिस के मुताबिक, रोहिणी सेक्टर 3 में रहने वाले राकेश खन्ना ने हाल में ही 80 लाख रुपये में एक फ्लैट बेचा था और उस कैश को सोने में बदल लिया था। परिवार की दिनचर्या की पूरी जानकारी होने के कारण, 23 साल की प्राइमरी स्कूल टीचर सिमरन ने अपने जिम-ओनर बॉयफ्रेंड हिमांशु, ट्रेनर चिराग (22) और पारस (19) के साथ मिलकर खन्ना को लूटने की साजिश रची। पारस 12वीं क्लास का स्टूडेंट है और पहले मुखर्जी नगर के एक मामले में शामिल रह चुका है।

30 अगस्त को आरोपियों ने घर की रेकी की। मंगलवार को सिमरन ने अपनी मौसी यानी राकेश खन्ना की पत्नी और अन्य रिश्तेदारों को स्थानीय मेले में जाने के लिए राजी कर लिया। इससे खन्ना घर में अकेले रह गए। खन्ना हृदय रोगी भी थे।

सिमरन ने हासिल की थी डुप्लीकेट चाबी

जांच में सामने आया कि सिमरन ने फ्लैट के सेंट्रल लॉक की डुप्लीकेट चाबी हासिल कर ली थी। शाम करीब 7:30 बजे सिमरन और हिमांशु घर के बाहर निगरानी करने लगे, जबकि उनके साथी 22 वर्षीय चिराग और 19 वर्षीय पारस घर के अंदर दाखिल हुए। दोनों ने कथित तौर पर खन्ना की गला दबाकर हत्या कर दी और इसके बाद घर में रखे सोने की तलाश में अलमारियां और दराज खंगाल डालीं।

गला घोंटकर कर दी हत्या

चिराग और पारस घर की कम रोशनी वाली सीढ़ियों से ऊपर गए। उन युवा लोगों की अचानक और ज़बरदस्त हिंसा के सामने खन्ना के बचने का कोई मौका नहीं था। इससे पहले कि वे शोर मचा पाते, उन लोगों ने 60 साल के उस व्यक्ति का गला घोंटकर मार डाला।

हालांकि, खन्ना ने ज्यादातर सोना ऐसी जगह छिपाकर रखा था, जिसकी जानकारी परिवार के अन्य सदस्यों को भी नहीं थी। आरोपी करीब 1.5 लाख रुपये नकद और कुछ सोने के आभूषण ही ले जा सके।

मेले से लौटने पर खन्ना की पत्नी ने घर को अस्त-व्यस्त देखा और पति को फर्श पर बेहोश पाया। उन्होंने रात करीब 8:15 बजे पुलिस को सूचना दी। खन्ना को जयपुर गोल्डन अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

दिल्ली पुलिस ने क्या बताया?

मामले की जांच के लिए स्पेशल सीपी (लॉ एंड ऑर्डर) देवेश चंद्र श्रीवास्तव ने 12 सदस्यीय टीम बनाई। संयुक्त पुलिस आयुक्त विजय सिंह और डीसीपी शशांक जायसवाल के नेतृत्व में टीम ने घटनास्थल की फोरेंसिक जांच के साथ सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन खंगाली। पुलिस को 30 अगस्त के आसपास कुछ संदिग्ध गतिविधियां भी नजर आईं।

जांच के दौरान सिमरन की गतिविधियां पुलिस के शक के घेरे में आ गईं। हत्या के बाद भी वह घर के आसपास घूमती मिली और कथित तौर पर पुलिस की कार्रवाई पर नजर रख रही थी। 30 अगस्त को अपनी मौजूदगी को लेकर उसके जवाबों में विरोधाभास मिलने के बाद पुलिस ने उसके मोबाइल कॉल रिकॉर्ड और वाट्सऐप गतिविधियों की जांच की।

पुलिस ने सिमरन, चिराग और पारस को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि हिमांशु फरार है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की रकम में से 70 हजार रुपये और सोने के आभूषण बरामद किए गए हैं। साउथ रोहिणी थाने में मामला दर्ज कर आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments