Homeभारतमध्यप्रदेश'होटल में आ जाओ, साथ में समय बिताओ', जमीन का काम लेकर...

‘होटल में आ जाओ, साथ में समय बिताओ’, जमीन का काम लेकर पहुंची युवती से पटवारी की डिमांड, कलेक्टर तक पहुंची शिकायत

शहडोल में एक युवती ने पटवारी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। युवती का आरोप है कि जमीन के काम के बदले पटवारी ने होटल में बुलाया। साथ ही अश्लील बातें करने लगा। युवती ने कलेक्टर के पास पहुंचकर शिकायत की है।

हाइलाइट्स

शहडोल कलेक्टर के पास शिकायत लेकर पहुंची युवती
पटवारी ने युवती को होटल बुलाया था मिलने
जमीन संबंधी समस्या को लेकर मिलने गई थी युवती
साथ ही पटवारी ने युवती को अश्लील मैसेज भेजा

शहडोल: राजस्व विभाग की साख को शर्मसार करने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है। सोहागपुर तहसील के हल्का नंबर 72 में पदस्थ पटवारी आशीष सोनकर पर एक बेसहारा अनाथ युवती के साथ पद का दुरुपयोग कर रिश्वतखोरी और वॉट्सऐप पर अश्लील बातचीत कर शोषण का प्रयास करने के सनसनीखेज आरोप लगे हैं। पीड़िता ने पूरे मामले के इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और चैट स्क्रीनशॉट्स के साथ जिला कलेक्टर को और एसपी को लिखित शिकायत सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है।

पीड़िता के माता-पिता दुनिया में नहीं

शहडोल के सोहागपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली पीड़ित युवती ने बताया कि उसके माता-पिता अब इस दुनिया में नहीं हैं। ग्राम पंचायत चापा में उनकी पुश्तैनी जमीन है। जमीन संबंधी काम और जाति प्रमाण-पत्र बनवाने के लिए उन्होंने हल्का नंबर 72 के पटवारी आशीष सोनकर से संपर्क किया था। शिकायत के अनुसार, युवती का आरोप है कि काम कराने के एवज में उनसे 20 हजार रुपए की मांग की गई, जिसमें से 15 हजार रुपए नकद देने का दावा किया गया है। युवती ने लेन-देन और बातचीत से संबंधित व्हाट्सऐप चैट को इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य के रूप में सुरक्षित होने की बात कही है।

अश्लील बातें करने लगा पटवारी

शिकायत का सबसे गंभीर पहलू पटवारी पर अश्लील और आपत्तिजनक व्हाट्सऐप बातचीत करने का आरोप है। युवती का दावा है कि पटवारी ने काम कराने के बदले उसे होटल में बुलाने और अपने साथ रहने जैसी बातें कहीं, युवती ने इसे मानसिक दबाव और शोषण का प्रयास बताया है।

जमीन संबंधी काम नहीं किए

युवती का यह भी आरोप है कि शिकायत करने की बात कहने के बाद उसके जमीन संबंधी काम नहीं किए गए और जाति प्रमाण-पत्र भी नहीं बनाया गया। वहीं, पटवारी के सहयोगी रवि पर शिकायत नहीं करने के लिए दबाव बनाने और जान से मरवाने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है।

कलेक्टर के पास शिकायत लेकर पहुंची

अब युवती ने स्वयं कलेक्टर एवं पुलिस के समक्ष शिकायत देकर व्हाट्सऐप चैट, स्क्रीनशॉट और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच कराने तथा मामले में विभागीय कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।

वहीं, इस मामले में आरोपों में घिरे पटवारी आशीष सोनकर से संपर्क कर उनसे इस मामले में उनका पक्ष जानना चाहा तो उन्हें इस मामले में बाद में बात करने की बात कहकर फोन डिस्कनेक्ट कर दिया। इस मामले में शहडोल एसपी अभिषेक दीवान ने कहा कि पटवारी के खिलाफ शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच कर दोषी पटवारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments