कांग्रेस ने अब उज्जैन जमीन के मामले में दिल्ली में हमला किया है। इसे लेकर बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा ने मुंहतोड़ जवाब दिए हैं। साथ ही कहा है कि राजनीति में धर्म को निशाने पर मत लाओ।
भोपाल: उज्जैन जमीन मामले को लेकर कांग्रेस लगातार हमलावर है। इसके बाद बीजेपी ने मोर्चा संभाल लिया है। भोपाल के पास दिल्ली में कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन खेड़ा ने इस मामले को उठाया है। इसके बाद बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा ने उन्हें मुंहतोड़ जवाब दिया है। साथ ही कहा है कि राजनीति में धर्म को निशाने पर मत लाओ।
अब पवन खेड़ा ने बोला हमला
मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव के परिवार पर जमीन से जुड़े आरोपों के बारे में कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा कि उन्होंने मंगलवार रात जीतू पटवारी से बात की। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ़ स्थानीय या राष्ट्रीय मामला नहीं है, बल्कि एक अंतरराष्ट्रीय मामला है। चाहे यह मामला हो या अयोध्या का, ये अंतरराष्ट्रीय मामले हैं। लोगों की आस्था इन शहरों से जुड़ी है। लोग तीर्थयात्रा पर जाने के लिए पैसे बचाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सीएम बनने से पहले मोहन यादव परिवार ने सैकड़ों एकड़ जमीन खरीदी थी। मुख्यमंत्री बनने के बाद उनकी फैमिली ने महाकुंभ वाली 168 एकड़ जमीन में से 111 एकड़ ज़मीन खरीद ली। महाकुंभ और जमीन से जुड़ी जानिकारियां उनके पास पहले से थी।
सुप्रीम कोर्ट की देखरेख में मामले की जांच की मांग की
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के जज की देखरेख में जांच होनी चाहिए ताकि सच सबके सामने आ सके। अखिलेश यादव के बयान पर उन्होंने कहा कि हो सकता है कि वे सही बात कह रहे हों, लेकिन साज़िश तभी होती है जब कुछ मामला हो।
बिना आग के धुआं नहीं उठता। और यहां तो आग भी बहुत बड़ी है। इसकी जांच होनी चाहिए। पवन खेड़ा, कांग्रेस प्रवक्ता
बीजेपी ने खोला मोर्चा
भोपाल से बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा ने अब पवन खेड़ा को मुंहतोड़ जवाब दिया है। उन्होंने कहा है कि पवन खेड़ा तुम राजनीति करो लेकिन राजनीति में धर्म को मत लाओ। कांग्रेस हमेशा मुर्खता करती है और हमेशा भगवान को टारगेट करती है। पहले भगवान राम को टारगेट किया और कहा कि भगवान राम काल्पनिक है। इसलिए पूरी कांग्रेस काल्पनिक हो गई।
अब वो भगवान महाकाल को टारगेट कर रहे हैं। कुंभ की तैयारियों से कांग्रेस के पेट में कष्ट हो रहा है। क्योंकि तुम नहीं चाहते कि हिंदुओं की धार्मिक क्षेत्र की तैयारी हो। रामेश्वर शर्मा, बीजेपी विधायक
कांग्रेस के टारगेट पर सनातन है
रामेश्वर शर्मा ने कहा कि कांग्रेस के टारगेट पर सनातन है। पहले अपने गिरेबान में झांके। सीएम मोहन यादव ने 2023 के चुनाव में जो शपथ पत्र दिया है, उससे एक इंच अधिक उनकी जमीनें नहीं बढ़ी है। कांग्रेस सिर्फ भ्रांति फैला रही है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस चाहती है कि महाकाल की नगरी का विकास नहीं हो। इसलिए मोहन यादव को टारगेट कर रही है। कांग्रेस पार्टी के जीजा जमीन घोटाले में फंसे हैं। कांग्रेस कोयला से लेकर हवा तक बेचकर खा गई है। रामेश्वर शर्मा ने कहा कि हमारी सरकार उज्जैन के विकास के लिए काम करती रहेगी।

