मुरैना जिला अस्पताल में एक नर्स अटेंडर को बोतल फेंककर मार दी है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सिविल सर्जन ने मामले में जांच के बाद कार्रवाई की बात कही है।
मध्य प्रदेश के मुरैना जिला अस्पताल में एक नर्स की दबंगई देखने को मिली है। मरीज के अटेंडर पर वह सिर्फ इस बात पर तमातमा उठी कि उसने पूछ लिया कि आपने अभी तक बोतल क्यों नहीं बदला है। इसी बात पर अस्पताल में तैनात नर्स बौखला गई। मरीजे के अटेंडर को उसने बोतल फेंककर मार दी है।
मैडम जी बोतल क्यों नहीं बदल रहीं
दरअसल, मुरैना जिला अस्पताल में मरीज के साथ आए अटेंडर वहां की व्यवस्था से परेशान था। वह बोतल बदलने की गुहार लगा रहा था। लेकिन सुनवाई नहीं हो रही थी। इसके बाद अटेंडर मोबाइल से वीडियो बनाते हुए वहां पहुंचा। उसने पूछा कि मैडम जी बोतल क्यों नहीं बदल रही हैं।
बोतल फेंककर मारी
इसी बात को लेकर अस्पताल की स्टाफ नर्स तमतमा गई। वीडियो बंद करवाने के लिए उसने पहले कैमरे पर हाथ मारे। इसके बाद में अटेंडर को बोतल फेंककर मारी। साथ ही गाली गलौज भी करने लगी। इस दौरान दूसरी नर्स भी उसके पक्ष में आ गए। वहां मौजूद अन्य मरीज के परिजनों का कहना था कि इनका नर्स का व्यवहार गलत है।
वीडियो हो रहा है वायरल
वहीं, नर्स के इस व्यवहार का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। साथ ही मुरैना जिला अस्पताल की व्यवस्था पर एक बार फिर से सवाल उठने लगे हैं। पूरे मामले पर अस्पताल प्रबंधन ने चुप्पी साध रखी है।
दोनों पक्षों से शिकायत मिली है। मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई होगी। डॉ गजेंद्र सिंह तोमर, सिविल सर्जन
चाचा को लेकर अस्पताल आया था युवक
बताया जा रहा है कि पीड़ित युवक अपने चाचा को लेकर अस्पताल में आया था। वह उल्टी और दस्त से पीड़ित थे। उन्हें स्लाइन चढ़ाया जा रहा था। खत्म होने के बाद बोतल बदलने कोई नहीं आ रहा था। युवक ने नर्स को जब बोतल बदलने को कहा तो वह बोली की इतनी जल्दी है तो सरकारी अस्पताल में इलाज कराओ। यहां इतनी जल्दी नहीं होगी।
अभद्रता से बात करती है नर्स
गौरतलब है कि इस विवाद के बाद अन्य मरीज के परिजनों ने भी आरोप लगाया है कि वह अभद्रता से बात करती है। वायरल वीडियो में भी दिख रहा है कि नर्स गलत तरीके से पेश आ रही है। वहीं, घटना के बाद अस्पताल के नर्सिंग स्टाफ युवक के खिलाफ लामबंद हो गए हैं।

