नई दिल्ली/पश्चिम बंगाल : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पश्चिम बंगाल दौरे के दौरान उन्हें वहां का प्रसिद्ध स्थानीय व्यंजन ‘झालमुड़ी’ खिलाकर चर्चा में आए एक दुकानदार को जान से मारने की सनसनीखेज धमकी मिली है। हैरान करने वाली बात यह है कि यह धमकी किसी स्थानीय स्तर से नहीं, बल्कि सीधे पाकिस्तान से एक वीडियो कॉल के जरिए दी गई है। धमकी देने वाले ने दुकानदार और उसके पूरे परिवार को बम से उड़ाने की बात कही है, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित दुकानदार कुछ समय पहले पीएम मोदी के कार्यक्रम में झालमुड़ी बनाने के बाद काफी लोकप्रिय हुआ था। खुद प्रधानमंत्री मोदी ने भी उसकी झालमुड़ी की तारीफ की थी। तभी से वह सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर सुर्खियों में था। लेकिन अब यही लोकप्रियता उसके लिए आफत बन गई है। दुकानदार के मोबाइल फोन पर पाकिस्तान के एक इंटरनेशनल नंबर से वीडियो कॉल आया, जिसमें कॉलर ने सीधे तौर पर कहा कि पीएम मोदी को झालमुड़ी खिलाने का अंजाम भुगतना पड़ेगा और जल्द ही उसके घर को बम से उड़ा दिया जाएगा।
सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर
इस अंतरराष्ट्रीय धमकी भरे कॉल के बाद डरे हुए दुकानदार ने तुरंत स्थानीय पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। चूंकि मामला सीधे देश के प्रधानमंत्री से जुड़ा है और कॉल पाकिस्तान से आया है, इसलिए केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां और साइबर क्राइम की टीम भी जांच में जुट गई है। एहतियात के तौर पर पुलिस ने
दुकानदार के घर और दुकान के आसपास सुरक्षा कड़ी कर दी है।
पुलिस फिलहाल उस नंबर की लोकेशन और आईपी एड्रेस को ट्रैक कर रही है जिससे वीडियो कॉल आया था। प्राथमिक तौर पर इसे देश में डर का माहौल पैदा करने की एक अंतरराष्ट्रीय साजिश के रूप में देखा जा रहा है। इस घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों और आम जनता में भारी आक्रोश है और उन्होंने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है।

