दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने रोहिणी में मुठभेड़ के बाद हिमांशु भाऊ गैंग से जुड़े दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। दोनों पर जोगिंदर डबास हत्याकांड में शामिल होने का आरोप है। पुलिस गैंग के अन्य सदस्यों और हथियार सप्लाई नेटवर्क की जांच कर रही है।
नई दिल्लीः दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने बीती रात रोहिणी में एनकाउंटर के बाद नाबालिग समेत दो आोपियों को पकड़ा है। दोनों विदेश में बैठे कुख्यात हिमांशु भाऊ से जुड़े हैं। दोनों हाल ही में दिल्ली के पूठ खुर्द इलाके में हुए जोगिंदर डबास हत्याकांड में भी शामिल थे। आज सुबह खबर लिखे जाने तक आरोपियों से पूछताछ की जा रही थी। पुलिस गैंग और वारदात में शामिल बाकी आरोपियों का पत लगाने का प्रयास कर रही थी।
पुलिस सूत्र ने बताया, क्राइम ब्रांच की टीम को सूचना मिली थी कि पूठ खुर्द इलाके में हुई जोगिंदर डबास हत्याकांड के आरोपी शाहबाद डेरी इलाके में आएंगे।
सूचना के आधार पर एक टीम को आरोपियों को पकड़ने के लिए भेजा गया।
टीम ने रोहिणी सेक्टर-29 के पास स्कूटी सवार संदिग्धों को रुकने का इशारा किया। मगर आरोपियों ने पुलिस टीम पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं।
जवाबी कार्रवाई में पुलिस की ओर से भी गोलियां चलाई गईं।
दोनों ओर से कई राउंड गोलियां चलीं। आखिरकार दोनों आरोपियों को दबोच लिया गया। उनके पास से हथियार और कारतूस भी बरामद हुए हैं।
आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट समेत संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है।
गैंग का पता लगा रही पुलिस
सुबह खबर लिखे जाने तक पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर भाऊ गैंग से जुड़े बाकी अपराधियों के बारे में पता लगाने में जुटी थी। जैसे आरोपियों को हथियार कौन सप्लाई कर रहा है, मर्डर में और कौन-कौन बदमाश शामिल थे, गैंग अभी किस-किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था आदि। (वस)

