नर्मदापुरम जिले के इटारसी में सोमवार देर रात एक खूंखार सियार ने बस्ती में घुसकर कोहराम मचा दिया। जानवर के अचानक हमले में महिलाओं और बच्चों समेत 13 लोग घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हाइलाइट्स
इटारसी के नाला मोहल्ले में रात 10 बजे हुआ हमला
महिलाओं और बच्चों सहित कुल 13 लोग घायल
सबसे ज्यादा कौशल्या बाई के चेहरे और जबड़े पर चोट
सभी घायलों को लगाई गई एंटी-रेबीज वैक्सीन
नर्मदापुरम: जिले के इटारसी शहर में सोमवार देर रात एक जंगली सियार ने ऐसा आतंक मचाया कि पूरी बस्ती सहम उठी। रात करीब 10 बजे अचानक एक सियार भगत सिंह नगर के नाला मोहल्ला इलाके में घुस आया और रास्ते में मिले लोगों पर ताबड़तोड़ हमले करने शुरू कर दिए। इस अप्रत्याशित हमले में महिलाओं और बच्चों सहित कुल 13 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई। इस हमले में सबसे ज्यादा गंभीर रूप से घायल 54 साल की कौशल्या बाई प्रजापति हैं, जिनके चेहरे और जबड़े पर सियार ने गहरे जख्म दिए हैं। उन्हें तुरंत सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनके घावों पर टांके लगाए। वहीं, अन्य ज्यादातर पीड़ितों के पैरों और कमर पर सियार ने अपने नुकीले दांतों से काटा है।
घायलों में बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल
सियार के इस खौफनाक हमले का शिकार होने वालों में कौशल्या बाई के अलावा सलमान शाह, अभिषेक पाल, इजराइल शाह, अनूप बरखाने, शकील अहमद, दौलत प्रसाद, 10 साल का अभय प्रजापति, महेंद्र साहू, सिमरन मौर्य, बृजेश सिंह, 14 साल का अतीक अहमद और सोनू शामिल हैं। सरकारी अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि सभी घायलों को तुरंत प्राथमिक उपचार, एंटी-रेबीज के टीके और ड्रेसिंग देने के बाद ऑब्जर्वेशन में रखा गया है।
सोमवार रात करीब 10 बजे नाला मोहल्ले में घुसा सियार
अचानक हुए हमले में 13 लोग बुरी तरह हुए जख्म
54 वर्षीय कौशल्या बाई के चेहरे और जबड़े पर गंभीर चोट
10 साल के बच्चे अभय और 14 साल के अतीक पर भी हमला
सभी घायलों को सरकारी अस्पताल में दी गई एंटी-रेबीज वैक्सीन
वन विभाग और पुलिस टीम जंगली जानवर की तलाश में जुटी
प्रशासन ने दी सतर्क रहने की सलाह
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। अधिकारियों ने इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है ताकि उस खतरनाक जानवर को पकड़ा जा सके। वन विभाग ने स्थानीय लोगों को सतर्क रहने और जब तक जानवर पकड़ा नहीं जाता, रात के समय अकेले बाहर न निकलने की हिदायत दी है।

