इंदौर के देपालपुर में दूसरा जन्मदिन मनाने के ठीक अगले दिन किचन में लगी आग की चपेट में आने से दो साल की बच्ची की मौत हो गई। मूक-बधिर मां खाना बना रही थी, जिसकी साड़ी में आग लगने से यह भयानक हादसा हुआ।
इंदौर: जिले के देपालपुर इलाके से एक बेहद दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां दूसरा जन्मदिन मनाने के ठीक अगले दिन किचन में लगी अचानक आग की चपेट में आने से दो साल की एक मासूम बच्ची की मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे में बच्ची की मूक-बधिर मां भी गंभीर रूप से झुलस गई है, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
घटना देपालपुर तहसील के कुंगरा गांव की है। सोमवार सुबह काजल नाम की महिला किचन में खाना बना रही थी, तभी अचानक उनकी साड़ी में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि पास ही खड़ी उनकी दो साल की बेटी सृष्टि भी उसकी चपेट में आ गई।
मूक-बधिर होने के कारण नहीं लगा पाई चीख
परिजनों ने बताया कि हादसे से कुछ मिनट पहले ही काजल की अपनी मां से वीडियो कॉल पर बात हुई थी, जिसमें छोटी बच्ची सृष्टि उनकी गोद में बैठी थी। हादसे के वक्त मूक-बधिर होने के कारण काजल मुंह से चिल्लाकर मदद नहीं मांग पाईं। सूझबूझ दिखाते हुए उन्होंने तुरंत अपनी मां को फोन पर वीडियो कॉल किया, जिनका नंबर उनके फोन पर आसानी से उपलब्ध था। वीडियो कॉल पर आग का भयानक मंजर देखते ही परिवार वाले तुरंत उनके घर दौड़े।
सोमवार सुबह देपालपुर के कुंगरा गांव में हुआ हादसा
दूसरा जन्मदिन मनाने के अगले दिन ही बेटी की मौत
खाना बनाते वक्त मूक-बधिर महिला की साड़ी में लगी आग
वीडियो कॉल के जरिए मां को दी गई थी हादसे की सूचना
प्राइवेट अस्पताल में इलाज के दौरान मासूम ने तोड़ा दम
50 प्रतिशत तक झुलसी मां, वेंटिलेटर पर चल रहा इलाज
अस्पताल में चल रहा मां का इलाज
घटना के बाद मां और बेटी दोनों को इंदौर के एक प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान दंपती की इकलौती संतान छोटी सृष्टि ने दम तोड़ दिया। वहीं, करीब 50 प्रतिशत झुलस चुकी काजल का अस्पताल में इलाज जारी है। परिजनों को अंदेशा है कि गैस पाइपलाइन में आग लगने से यह हादसा हुआ होगा। राजेंद्र नगर पुलिस ने जीरो FIR दर्ज कर मामला देपालपुर पुलिस को ट्रांसफर कर दिया है, जो इस पूरे मामले की जांच कर रही है। डीएसपी उमाकांत चौधरी ने बताया कि महिला अभी वेंटिलेटर पर है और पुलिस परिवार के अन्य सदस्यों के बयान दर्ज कर रही है।

