सतना की नीट अभ्यर्थी के साथ यूपी के चित्रकूट में गैंगरेप हुआ है। वह अपने दोस्त के साथ देवंगना घाटी गई थी। तीन आरोपियों ने आकर बॉयफ्रेंड को बांध दिया और उसके साथ गलत किया है। पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है।
हाइलाइट्स
सतना की नीट अभ्यर्थी के साथ चित्रकूट में गैंगरेप
दोस्त के साथ देवंगना घाटी में बैठी थी पीड़िता
तीन आरोपियों ने खुद को वन विभाग का अधिकारी बताया
दोस्त को बांधकर तीनों ने किया गैंगरेप
सतना: मध्य प्रदेश की सतना की रहने वाली 20 साल की नीट अभ्यर्थी के साथ यूपी के चित्रकूट में कथित तौर पर गैंगरेप हुआ है। यह घटना तब घटी है, जब वन विभाग के अधिकारी बनकर तीन लोगों ने उसके नाबालिग बॉयफ्रेंड को बंधक बना लिया। यह घटना बुधवार को करीब तीन बजे चित्रकूट जिला मुख्यालय से लगभग 12 किमी और सतना से 60 किमी दूर देवंगना घाटी के जंगल में घटी है।
कोटा में रहकर करती है नीट की तैयारी
पीड़िता सतना की रहने वाली है और राजस्थान के कोटा में रहकर नीट की तैयारी कर रही है। वह चित्रकूट में अपने 17 साल के बॉयफ्रेंड से मिलने आई थी, जो 12वीं का छात्र है। सोशल मीडिया पर भी दोनों आपस में दोस्त हैं।
पहाड़ी पर बैठे थे, तभी बाइक से तीन लोग आए
एफआईआर के मुताबिक पीड़िता अपने दोस्त के साथ बाइक से देवंगना घाटी गई थी। दोनों एक पहाड़ी पर बैठे थे। तभी दूसरी बाइक पर सवार होकर तीन लोग वहां पहुंचे। खुद को वन विभाग का कर्मचारी बताने लगे। आरोपियों ने दोनों से पूछताछ की। साथ ही लड़के के साथ बेल्ट से मारपीट की और उसके हाथ-पैर गमछे से बांध दिए। पुलिस ने बताया कि आरोपी नीट छात्रा को झाड़ियों में खींच ले गए और गैंगरेप किया है। शोर मचाने पर उसे पहाड़ी से नीचे फेंकने की धमकी दी।
बॉयफ्रेंड ने पुलिस को दी सूचना
बाद में बॉयफ्रेंड खुद को छुड़ाने में कामयाब रहा है। कुछ दूरी पर मोबाइल नेटवर्क मिलने के बाद पुलिस को सूचना दी। एफआईआर के अनुसार, दोनों बाइक से देवंगना घाटी की पहाड़ी पर गए थे और सोशल मीडिया पर रील बना रहे थे। तभी बाइक से तीन लोग आए। सूत्रों के अनुसार लड़का खुद ही बंधन से मुक्त हुआ और सदमे में बैठी पीड़िता के पास पहुंचा।
पहाड़ी पर नेटवर्क नहीं
वहीं, पहाड़ी पर नेटवर्क नहीं होने की वजह से पुलिस को कॉल लगाने के लिए नीचे आना पड़ा। पुलिस की गाड़ी मौके पर पहुंची और दोनों को अस्पताल ले गई। युवती का मेडिकल करवाया गया है। वहीं, लड़के का इलाज किया गया है। दोनों की अस्पातल से छुट्टी हो गई है।
पुलिस ने जांच शुरू कर दी
एफआईआर दर्ज होने के बाद चित्रकूट पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। इलाके से बाहर जाने वाली सड़कों के सीसीटीवी फुटेज को देख रही है। इसमें कथित तौर पर तीन लोग बाइक से जाते हुए देखा गया है। पूछताछ के लिए एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है, जबकि दो की पहचान की जा रही है।
दो टीमें बनाई
पुलिस ने जांच के लिए दो टीमें बनाई है। ये टीमें सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी सबूतों समेत कई सुरागों पर काम कर रही है ताकि घटना में शामिल सभी लोगों की पहचान की जा सके। मामले की जांच जारी है।
वहीं, जांच से जुड़े एक पुलिस अधिकारी ने हमारे सहयोगी अखबार टाइम्स ऑफ इंडिया को बताया कि हमने एक स्थानीय निवासी का बयान दर्ज किया है। जिसने कथित तौर पर आरोपी को घटनास्थल पर आते और जोड़े पर हमले करते देखा है। हमें सीसीटीवी फुटेज मिला है, जिससे अपराधियों की पहचान में मदद मिलेगी। उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की कोशिश जारी है।
गौरतलब है कि घटना के बाद प्रयागराज जोन के एडिशनल डीजी ज्योति नारायण ने गुरुवार को घटनास्थल का दौरा किया और पुलिस टीमों को जांच में तेजी लाने और आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए हैं।

