इंदौर का वीडियो सोशल मीडिया पर वीडियो पर वायरल हो रहा है। घोड़ी पर बैठकर दूल्हा अकेले जा रहा है और झमाझम बारिश हो रही है। आगे-आगे डीजे की गाड़ी भी थी लेकिन कोई बाराती नहीं था।
हाइलाइट्स
इंदौर में निकली अनोखी बारात
बारिश के बीच घोड़ी से अकेले गया दूल्हा
डीजे की धुन पर नाचने के लिए नहीं था कोई बाराती
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
इंदौर: इन दिनों इंदौर में एक अनोखी बारात का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो को देखकर लोग हैरान भी हैं और तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं भी दे रहे हैं। हालांकि यह वीडियो कब का है और इसमें दिखाई दे रही बारात किसकी है, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हो सकी है। इसके बावजूद वीडियो शहरभर में चर्चा का विषय बना हुआ है।
राजमोहल्ला चौराहे का है वीडियो
बताया जा रहा है कि यह वीडियो राजमोहल्ला चौराहे के पास का है। वीडियो में बारात राजमोहल्ला चौराहे से मालगंज की ओर जाती हुई दिखाई दे रही है। खास बात यह है कि आमतौर पर जहां बारात में बड़ी संख्या में रिश्तेदार, दोस्त और बाराती नाचते-गाते नजर आते हैं, वहीं इस बारात में ऐसा कुछ भी देखने को नहीं मिला।
बारिश के बीच दूल्हा घोड़ी पर सवार
वीडियो में देखा जा सकता है कि बारिश के बीच दूल्हा घोड़ी पर सवार होकर आगे बढ़ रहा है। उसके साथ केवल चार लोग मौजूद हैं। इनमें दो ढोल बजाने वाले, एक घोड़ी वाला और एक व्यक्ति दूल्हे के ऊपर छाता लेकर चलता दिखाई दे रहा है। इसके अलावा पूरी बारात में कोई अन्य व्यक्ति नजर नहीं आता।
डीजे की गाड़ी भी आगे चल रही
बारात के आगे डीजे की गाड़ी भी चल रही है, जिस पर ‘पल पल ना माने टिंकू जिया’ गाना बज रहा है। लेकिन हैरानी की बात यह है कि डीजे की धुन पर न तो कोई नाचता दिखाई देता है और न ही दूल्हे के पीछे बारातियों की भीड़ नजर आती है। यही वजह है कि यह वीडियो लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच रहा है।
सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर यह वीडियो तेजी से शेयर किया जा रहा है। कई लोग इसे बारिश का असर बता रहे हैं तो कुछ इसे बेहद सादगी भरी बारात कह रहे हैं। हालांकि वीडियो की सत्यता, बारात किसकी थी और यह कब निकाली गई, इसे लेकर अब तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

