मध्य प्रदेश के छतरपुर में पुरानी रंजिश के चलते एक 55 वर्षीय महिला हरकुंवर प्रजापति की लाठियों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। हमले का एक खौफनाक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें हमलावर बीच में पानी पीकर दोबारा मारपीट करते दिख रहे हैं।
छतरपुर: मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले से इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 55 साल की बुजुर्ग महिला हरकुंवर प्रजापति को बेरहमी से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया गया। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक खौफनाक वीडियो में साफ दिख रहा है कि हमलावर महिलाएं पीटते-पीटते थकने पर बीच में रुककर पानी पीती हैं और फिर असहाय पड़ी बुजुर्ग पर दोबारा लाठियां बरसाने लगती हैं।
यह पूरी वारदात 11 जुलाई को हुई, जब भारी बारिश के बाद हरकुंवर अपने घर के बाहर जमा पानी निकालने के लिए निकली थीं। तभी पुरानी रंजिश के चलते विरोधी परिवार के लोगों ने उन पर लाठियों से हमला कर दिया। इलाज के दौरान पीड़ित महिला ने दम तोड़ दिया।
पुलिस पर लापरवाही के आरोप
मृतका के बेटे राजेंद्र प्रजापति ने स्थानीय पुलिस प्रशासन पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। राजेंद्र का कहना है कि जब उनकी मां को बेरहमी से पीटा जा रहा था, तब पुलिस की डायल-112 टीम मौके पर ही मौजूद थी, लेकिन पुलिसकर्मियों ने हमलावरों को रोकने की कोई कोशिश नहीं की।
इतना ही नहीं, परिजनों का आरोप है कि गंभीर रूप से घायल और तड़प रही बुजुर्ग महिला को तुरंत अस्पताल ले जाने के बजाय पुलिस शिकायत की औपचारिकताएं पूरी करने के लिए करीब एक घंटे तक थाने में बिठाए रही। समय पर सही इलाज न मिलने के कारण आखिरकार जिला अस्पताल में उनकी मौत हो गई।
पुरानी रंजिश और अब तक की कार्रवाई
विवाद की वजह: परिजनों के मुताबिक, 25 अप्रैल को मृतका का छोटा बेटा पवन और आरोपी परिवार की एक लड़की घर से चले गए थे, जिसके बाद से दोनों परिवारों में दुश्मनी थी।
ताजा ट्रिगर: 11 जुलाई को घर के बाहर जलजमाव को साफ करने की बात पर बहस हुई और हमलावरों ने लाठियां निकाल लीं।
गिरफ्तारी: छतरपुर एसपी रजत सकलेचा के मुताबिक, हत्या के इस मामले में अब तक 4 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस पर जांच: एसपी ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है और मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों के रवैये की भी विभागीय इंक्वायरी होगी।

