उत्तरप्रदेश के गाजियाबाद के मधुबन बापूधाम इलाके में एक पिंक बूथ पर एक युवक मदद मांगता रहा, लेकिन महिला पुलिसकर्मियों ने दरवाजा नहीं खोला।
गाजियाबाद: मधुबन बापूधाम क्षेत्र के संजयनगर सेक्टर-23 पिंक बूथ पर कार्यालय का दरवाजा खोलने के लिए युवक ने हाथ मारा तो शीशा लगने से हाथ की नस कट गई। करीब आधे घंटे की देरी से पहुंची ऐम्बुलेंस से उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
बताया जा रहा कि युवक का किराये को लेकर ऑटो चालक से झगड़ा हुआ था। शिकायत करने के लिए युवक पिंक बूथ पर पहुंचा था, जहां महिला पुलिसकर्मियों ने शोर सुनकर कार्यालय का दरवाजा बंद कर लिया था, जिसके कारण यह घटना हुई।
किराये को लेकर ऑटो चालक से मारपीट
जानकारी के अनुसार, मूलरूप से बिहार के गांव बटुलिया निवासी राजकुमार (22) सेक्टर-23 संजयनगर में किराये के मकान में रहता था और कार मैकेनिक था। रविवार दोपहर राजकुमार को कहीं जाना था। किराये को लेकर राजकुमार और ऑटो चालक में मारपीट हो गई। ऐसे में राजकुमार शिकायत करने और जान बचाने के लिए सेक्टर-23 पिंक बूथ पहुंचा, जहां उसने लोहे के दरवाजे में हाथ मारा, लेकिन नहीं खुला।
पुलिसकर्मियों ने बंद कर लिया था दरवाजा
आरोपी से बचाने की गुहार लगाते हुए राजकुमार प्रभारी के कार्यालय का दरवाजा खोलने का प्रयास करने लगा, लेकिन वहां मौजूद महिला पुलिसकर्मियों ने गेट बंद कर लिया और अंदर से देखती रहीं। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि राजकुमार ने दोनों हाथ दरवाजों पर पटके। इससे कांच टूटकर उसके हाथों में घुस गया और दोनों हाथों की नसें कट गईं।
देर से पहुंची ऐम्बुलेंस में नहीं थी फर्स्ट ऐड किट
आशंका जताई जा रही है कि अधिक खून बहने से राजकुमार की मौत हुई है। बताया जा रहा है कि आधे घंटे बाद पहुंची ऐम्बुलेंस में फर्स्ट ऐड किट भी नहीं थी। डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। जांच की जा रही है। पिंक बूथ पर पहुंचे युवक की बात सुननी चाहिए थी। मामले की जांच कर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

