नई दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट पर बैंकॉक से आए एक यात्री के सामान से 13.84 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद किया गया। करीब 4.83 करोड़ रुपये मूल्य के इस प्रतिबंधित पदार्थ को जब्त कर आरोपी को एनडीपीएस अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया गया।
दिल्ली हवाईअड्डे पर 4.83 करोड़ रुपये का हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद
नई दिल्ली: राजधानी के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) हवाई अड्डे पर सीमा शुल्क अधिकारियों ने बैंकॉक से आए एक भारतीय यात्री से लगभग 4.80 करोड़ रुपये मूल्य का हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद करने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई। यात्री 21 जून को एअर इंडिया की उड़ान एआई 2335 से बैंकॉक से आया था और प्रोफाइलिंग के आधार पर ग्रीन चैनल पार करने के बाद उसे रोक लिया गया। बयान के अनुसार, ‘‘सामान की एक्स-रे जांच के दौरान कुछ संदिग्ध वस्तु नजर आई।’’ इसके बाद विस्तृत जांच में लगभग 13.84 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद किया गया।
बयान में कहा गया, ‘‘सामान की जांच में लगभग 13,840 ग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा पाया गया।
जब्त किए गए इस प्रतिबंधित पदार्थ का अनुमानित मूल्य लगभग 4.83 करोड़ रुपये है।’’
यात्री को ‘‘एनडीपीएस अधिनियम 1985’’ के प्रावधानों के तहत गिरफ्तार कर लिया गया और संदिग्ध हाइड्रोपोनिक गांजा तथा उसकी पैकिंग सामग्री को जब्त कर लिया गया।
बयान के अनुसार जांच जारी है ताकि इस प्रतिबंधित पदार्थ के स्रोत और इसके गंतव्य का पता लगाया जा सके, साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि क्या आरोपी किसी बड़े मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क से जुड़ा हुआ है।
पहले भी हुआ ऐसा
IGI एयरपोर्ट पर हाल के महीनों में हाइड्रोपोनिक गांजा तस्करी के कई बड़े मामले सामने आए हैं। कस्टम अधिकारियों ने जून 2026 में बैंकॉक से आने वाले यात्रियों से कई खेप जब्त की हैं। मई में भी दो विदेशी नागरिकों से करीब 48 करोड़ रुपये मूल्य का हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद हुआ था। जांच एजेंसियों के अनुसार, दक्षिण-पूर्व एशिया से आने वाली उड़ानें इस तरह की तस्करी का प्रमुख स्रोत बन रही हैं और तस्कर सामान व घरेलू उपकरणों में मादक पदार्थ छिपाकर लाने की कोशिश कर रहे हैं।

