Homeभारतमध्यप्रदेशमध्यप्रदेश में आवारा कुत्तों का आतंक! 2 घंटे के भीतर 40 लोगों...

मध्यप्रदेश में आवारा कुत्तों का आतंक! 2 घंटे के भीतर 40 लोगों को काटा, शहर में मची दहशत

श्योपुर में आवारा कुत्तों ने कई इलाकों में हमला कर करीब 40 लोगों को घायल कर दिया. सभी घायलों का जिला अस्पताल में इलाज किया गया और एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगाए गए…

मध्यप्रदेश के श्योपुर शहर में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है. शनिवार को आवारा कुत्तों ने शहर के कई इलाकों में जमकर उत्पात मचाया और महज कुछ घंटों में करीब 40 लोगों को काटकर घायल कर दिया. घटना के बाद शहर में दहशत का माहौल है और बड़ी संख्या में घायल जिला अस्पताल पहुंचे, जहां उनका उपचार किया गया.

श्योपुर शहर में शनिवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब कुछ आवारा कुत्तों ने किला रोड, मेवाती मोहल्ला, छारबाग, चूड़ी बाजार, बालापुरा सहित कई क्षेत्रों में लोगों पर हमला करना शुरू कर दिया. कुत्तों सामने जो भी सामने आया, उस पर झपट पडे. बच्चे, बुजुर्ग और युवा कोई भी इसके हमले से नहीं बच पाया.

स्थानीय लोगों के अनुसार,करीब दो से तीन घंटे के भीतर कुत्ते ने लगभग 40 लोगों को काटकर घायल कर दिया. कुछ लोगों को मामूली चोटें आईं, जबकि कई लोगों के हाथ-पैरों से खून निकलने लगा. घटना के बाद पूरे शहर में दहशत का माहौल बन गया और लोग आवारा कुत्तों से बचते नजर आए.

हमले में नाजिम खान, राजू गौर, यासीन हाफिज, काडू, सत्तार, घनश्याम गौड़, आमीन खान, अब्दुल खान, फिरोज, गनी, शाहीन खान, मोनू, गफूर खान, सोनू आर्य, परमानंद, मोहसिन, रणवीर सहित करीब 40 लोग घायल हुए.सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया.

शहर निवासी एक घायल युवक के दोस्त वसीम खान का कहना है, ”एक आवारा कुत्ते ने मेरे दोस्त को मेला ग्राउंड के पास काट लिया जिसे हम अस्पताल लेकर आए हैं. यहां कुत्तों के हमले से जख्मी 40 से ज्यादा लोग उपचार के लिए आए हैं. हालांकि, हमें यह तो पता नहीं कि एक कुत्ते ने हमला किया या एक से ज्यादा कुत्तों ने लोगों को काटा है.

जिला अस्पताल श्योपुर के सिविल सर्जन, डॉ. एसएन बिंदल ने फो कॉल पर बताया कि जिला अस्पताल में घायलों का प्राथमिक उपचार करने के बाद उन्हें एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगाए गए. डॉक्टरों ने लोगों से आवारा कुत्तों से सावधानी बरतने और काटने की स्थिति में तुरंत अस्पताल पहुंचने की अपील की है.

बहरहाल शहर में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या अब लोगों की सुरक्षा के लिए गंभीर चुनौती बनती जा रही है. एक ही दिन में 40 लोगों के घायल होने की घटना ने नगर प्रशासन की व्यवस्थाओं पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. अब देखना होगा कि प्रशासन आवारा कुत्तों के आतंक पर लगाम लगाने के लिए क्या कदम उठाता है?

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments