वागरा। भरूच जिला प्रशासन ने सरकारी संसाधनों की लूट रोकने के लिए अवैध खनन माफिया के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में वागरा मामलतदार अधिकारी की टीम ने 19 जून 2026 की मध्यरात्रि को वागरा तालुका के सायखा GIDC क्षेत्र में औचक रेड कर बड़े पैमाने पर चल रहा अवैध मिट्टी खनन पकड़ा।
जानकारी के अनुसार भू-माफिया बिना किसी वैध अनुमति के सरकारी जमीन से मिट्टी का खनन कर रहे थे, जिससे राज्य सरकार को रॉयल्टी का नुकसान पहुंचाया जा रहा था। प्रशासनिक टीम के मौके पर पहुंचते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।

कार्रवाई के दौरान मौके से मिट्टी से भरे 3 ट्रक और अवैध खुदाई में उपयोग किए जा रहे दो हिताची मशीनों सहित करीब 1.2 करोड़ रुपए का मुद्दामाल जब्त किया गया। जब्त वाहनों में GJ 16 AW 9918, GJ 16 AW 9963 और GJ 16 AW 9864 नंबर के ट्रक शामिल हैं।
फिलहाल खान-खनिज विभाग और स्थानीय पुलिस द्वारा संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई तथा दंड वसूली की प्रक्रिया शुरू की गई है। प्रशासन की इस कार्रवाई से पूरे पंथक के अवैध खननकारों में हड़कंप मच गया है।
रिपोर्टर: सैफ अली भट्टी, वागरा

