शॉर्ट हेडलाइन : रिद्धि राजपरा के विवाह पर विवाद
सूरत। लोकगायिका आरती सांगाणी के विवाह को लेकर हुई चर्चाओं के बाद अब सूरत की चर्चित सिंगर रिद्धि राजपरा का नाम भी सामाजिक बहस के केंद्र में आ गया है। रिद्धि राजपरा द्वारा अपनी टीम के एक ड्रमर के साथ प्रेम विवाह किए जाने की खबर सामने आने के बाद पाटीदार समाज के कुछ अग्रणियों और संगठनों ने नाराजगी व्यक्त की है।
जानकारी के अनुसार रिद्धि राजपरा लंबे समय से डायरों और संगीत कार्यक्रमों में सक्रिय हैं। बताया जा रहा है कि कार्यक्रमों के दौरान अपनी टीम में कार्यरत एक ड्रमर के साथ उनकी निकटता बढ़ी और बाद में दोनों ने प्रेम विवाह कर लिया। विवाह की जानकारी सामने आते ही सोशल मीडिया और समाज के विभिन्न समूहों में इस विषय को लेकर चर्चा शुरू हो गई।
मामले को लेकर कुछ समाजिक अग्रणियों ने सार्वजनिक रूप से अपनी आपत्ति दर्ज कराते हुए समाज के मंचों पर उन्हें आमंत्रित नहीं करने की मांग उठाई है। वहीं इस मुद्दे पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं भी देखने को मिल रही हैं। विवाह को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच यह मामला अब सामाजिक और सार्वजनिक बहस का विषय बन गया है।

