जबलपुर के पाटन कृषि उपज मंडी से मूंग की चोरी हुई है। चोरों ने मूंग उतारकर खाली ट्रक को मंडी आकर छोड़ गए। व्यापारियों का कहना है कि पहली बार ऐसी चोरी यहां हुई है।
जबलपुर: मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित कृषि उपज मंडी से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। अज्ञात बदमाशों ने यहां मूंग की चोरी की है। 80 क्विंटल मूंग ट्रक में लदा हुआ था। इसकी कीमत करीब साढ़े चार लाख रुपए है। मूंग की चोरी के बाद चोर खाली ट्रक को छोड़ गया।
15-16 जून की दरमियानी रात घटी घटना
दरअसल, यह घटना 15 और 16 जून की रात की है। पाटन कृषि उपज मंडी में मूंग लदा ट्रक खड़ा था। अगली सुबह अनाज व्यापारी विकास अग्रवाल स्टॉक को लेकर जबलपुर ले जाने के लिए मंडी परिसर पहुंचे।
स्थानीय किसानों से की थी खरीदी
मिली जानकारी के अनुसार व्यापारी विकास अग्रवाल ने स्थानीय किसानों से मूंग की 134 बोरियां खरीदी थीं और उन्हें मंडी यार्ड के अंदर खड़े एक ट्रक में लोड किया था। अगले दिन से जबलपुर ले जाने की योजना थी। एहतियात के तौर पर वाहन को रात भर परिसर के अंदर ही छोड़ दिया। हालांकि जब मंगलवार 16 जून को वह मंडी पहुंचे तो उन्होंने पाया कि ट्रक उसी जगह पर खड़ा है लेकिन खाली था।
मंडी से बाहर निकला था ट्रक
वहीं, पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच और मंडी से मिले सीसीटीवी फुटेज से पता चला है कि दो-तीन अज्ञात लोगों ने कथित तौर पर रात 1 से 2 बजे के बीच ट्रक को मंडी से बाहर निकाला था। पुलिस को शक है कि आरोपी वाहन को किसी सुनसान जगह पर ले गए, मूंग को दूसरे वाहन में उतारा और फिर खाली ट्रक को मंडी में वापस ले आए, ताकि चोरी का पता चलने में देरी हो।
कई सीसीटीवी क्लिप की जांच की जा रही है और संदिग्धों की पहचान करने की कोशिशें जारी हैं। जीएस राजपूत, पाटन एसएचओ
सीसीटीवी फुटेज की जांच हो रही
उन्होंने कहा कि फुटेज में कुछ लोग रात के समय ट्रक को मंडी से बाहर ले जाते हुए दिख रहे हैं। हम आस-पास के रास्तों की सीसीटीवी रिकॉर्डिंग का विश्लेषण कर रहे हैं और तकनीकी सबूत इकट्ठा कर रहे हैं। मामला दर्ज कर लिया गया है और कई टीमें आरोपियों का पता लगाने और चोरी हुई उपज बरामद करने के लिए काम कर रही है।
पहली बार हुई है ऐसी चोरी
मंडी सचिव फूल सिंह ने बताया है कि घटना की रात मंडी में चौकीदार तैनात थे। पूछताछ के दौरान बताया कि जब चोरों ने कथित तौर पर अंदर घुसकर चोरी की घटना को अंजाम दिया, तब वे परिसर के बाहर गश्त कर रहे थे। इस घटना ने इलाके के व्यापारियों को चौंका दिया है। वहीं, अग्रवाल ने कहा कि पाटन एग्रीकल्चरल प्रोड्यूस मार्केट में इस तरह की पहली चोरी है।

