Homeभारतमध्यप्रदेशदो पत्नियां, गोलियों की आवाज और किले में अफरा-तफरी… सतना के राजघराने...

दो पत्नियां, गोलियों की आवाज और किले में अफरा-तफरी… सतना के राजघराने में बवाल की कहानी

एक राजघराना, दो पत्नियां, सालों पुराना विवाद और फिर गढ़ी के भीतर गूंजती गोलियां… मध्य प्रदेश के सतना में नागौद राजघराने की परसमनिया गढ़ी से ऐसी कहानी सामने आई है, जिसने हर किसी को चौंका दिया. आरोप है कि रूपेंद्र सिंह उर्फ बाबा राजा की पहली पत्नी ने दूसरी पत्नी पर लाइसेंसी बंदूक से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. जानिये पूरी कहानी आखिर है क्या…

राजघरानों की कहानियां आमतौर पर शानो-शौकत, विरासत और सत्ता की चर्चा से शुरू होती हैं. लेकिन मध्य प्रदेश के सतना जिले की परसमनिया गढ़ी में 12 जून की दोपहर जो हुआ, उसकी कहानी कुछ और है. यहां चर्चा किसी समारोह की नहीं, बल्कि गोलियों की आवाज, चीख-पुकार और एक ऐसे पारिवारिक विवाद की हो रही है, जो अचानक खूनी संघर्ष में बदल गया.

पुलिस के मुताबिक, घटना नागौद राजघराने से जुड़ी परसमनिया गढ़ी में हुई. दोपहर का वक्त था. गढ़ी के भीतर लोग अपने-अपने काम में लगे थे. यहां रूपेंद्र सिंह उर्फ बाबा राजा की पत्नी योगिता सिंह और कथित दूसरी पत्नी सुनीता सिंह के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था. योगिता सिंह अपने परिजनों के साथ गढ़ी पहुंची थीं.

परिवार के भीतर चल रहे विवाद को सुलझाने की कोशिश हो रही थी. लेकिन बातचीत के दौरान माहौल बिगड़ गया. बहस बढ़ी, आरोप-प्रत्यारोप हुए और फिर हालात कंट्रोल से बाहर चले गए. इसी दौरान गोली चलने की घटना हुई और योगिता सिंह गंभीर रूप से घायल हो गईं.

एक के बाद एक गोलियां चलने की आवाज सुनाई दी. कुछ लोग आवाज की दिशा में दौड़े, कुछ सहम गए और कुछ को समझ ही नहीं आया कि आखिर हुआ क्या है. कुछ ही देर में खबर फैल गई कि राजघराने से जुड़े परिवार में चल रहा पुराना विवाद अब गोलीकांड में बदल चुका है. कुछ लोगों ने घायल महिला को संभालने की कोशिश की तो कुछ ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी.

दरअसल, यह कहानी 12 जून की दोपहर से शुरू नहीं होती. इसकी शुरुआत कई साल पहले हो चुकी थी. पुलिस और परिवार से मिली जानकारी के मुताबिक, नागौद राजघराने से जुड़े रूपेंद्र सिंह उर्फ बाबा राजा के परिवार में लंबे समय से तनाव चल रहा था. परिवार के भीतर रिश्तों को लेकर खींचतान, आरोप-प्रत्यारोप और विवाद की चर्चा पहले भी होती रही थी.

इसी तनाव के बीच योगिता सिंह दो दिन पहले अपने परिजनों के साथ परसमनिया गढ़ी पहुंची थीं. मकसद था बातचीत के जरिए विवाद का कोई हल निकालना. लेकिन टकराव का माहौल बन गया था.

परिजनों के मुताबिक, दोपहर करीब तीन बजे बातचीत शुरू हुई. कुछ लोग बीच-बचाव की कोशिश कर रहे थे. माहौल गर्म था, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि बात इतनी दूर चली जाएगी. फिर अचानक बहस तेज हो गई. इसके बाद जो हुआ, वह अब पुलिस जांच का हिस्सा है.

पुलिस का कहना है कि विवाद के दौरान फायरिंग हुई और गोली योगिता सिंह को लगी. गोली उनके पेट में लगी, जिसके बाद वह गंभीर रूप से घायल हो गईं. घटना के बाद गढ़ी में अफरा-तफरी मच गई. लोगों ने तुरंत घायल महिला को अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की. बाद में उन्हें रीवा के एक निजी अस्पताल रेफर किया गया.

रीवा के अस्पताल में डॉक्टरों ने योगिता सिंह का ऑपरेशन किया. मेडिकल टीम ने पेट में फंसी गोली निकालने की सर्जरी की. फिलहाल उनका इलाज जारी है. घटना के बाद अस्पताल के बाहर भी लोगों की भीड़ जुटने लगी. परिजनों के चेहरे पर गुस्सा था और सवाल भी. उनका आरोप है कि यह कोई अचानक हुई घटना नहीं थी, बल्कि लंबे समय से चले आ रहे विवाद का नतीजा है. हालांकि पुलिस अभी सभी दावों की जांच कर रही है.

राजघराने की गढ़ी और गोलियों की गूंज

परसमनिया गढ़ी कोई साधारण जगह नहीं है. इलाके में इसका अलग महत्व है. इसलिए जैसे ही गोलीकांड की खबर बाहर आई, पूरे सतना में इसकी चर्चा शुरू हो गई. लोगों के बीच सवाल घूमने लगे- आखिर ऐसा क्या हुआ कि पारिवारिक विवाद गोली तक पहुंच गया?

क्या यह सिर्फ घरेलू कलह थी? क्या इसके पीछे संपत्ति का विवाद था? या फिर रिश्तों की उलझन इतनी गहरी हो चुकी थी कि हालात बेकाबू हो गए? इन सवालों के जवाब फिलहाल जांच के दायरे में हैं.

सतना के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रेम लाल कुर्वे के मुताबिक, दोनों महिलाओं के बीच पहले से विवाद चल रहा था. इसी दौरान फायरआर्म का इस्तेमाल हुआ और एक महिला घायल हो गई. पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया है. घटना में इस्तेमाल हथियार भी जब्त कर लिया गया है. मामले में आगे की जांच जारी है.

घायल महिला की मां नरेंद्र कुमारी ने कहा कि उस लड़की ने ​नौ फायर किए, जो अंदर इतने सालों से रह रही है. पहले सतना में रह रही थी. अब यहां रह रही है. ​घटना पूरी परसमनिया में हुई है. हमारी बेटी के फार्म हाउस पर, परसमनिया गढ़ी बोलते हैं. उसका ऑपरेशन हुआ है. शादी साल 2000 में हुई थी. इसका 25 साल का बेटा है.

ASP सतना प्रेम लाल कुर्वे ने कहा कि परसमनिया गढ़ी में रूपेंद्र सिंह उर्फ बाबा राजा की पत्नी योगिता सिंह एवं दूसरी पत्नी सुनीता सिंह के बीच वाद-विवाद हुआ था. इसमें सुनीता सिंह द्वारा फायरआर्म्स का इस्तेमाल किया गया. गोली योगिता सिंह के पेट में लगी है, जिन्हें घायल हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इस मामले में केस दर्ज कर लिया गया है. सुनीता सिंह को हिरासत में लिया गया है. घटना में इस्तेमाल किया गया फायरआर्म्स जब्त कर लिया गया है. आगे की कार्रवाई की जा रही है.

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments