Homeक्राइमउन्नाव में 'खूनी' वाशिंग मशीन: कपड़े धोने पर छिड़ा विवाद, भाइयों ने...

उन्नाव में ‘खूनी’ वाशिंग मशीन: कपड़े धोने पर छिड़ा विवाद, भाइयों ने तलवार-कुल्हाड़ी से भाई को काट डाला

यूपी के उन्नाव में वाशिंग मशीन में कपड़े धोने को लेकर हुए मामूली पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया. बांगरमऊ क्षेत्र में पिता और भाइयों ने मिलकर अपने ही भाई की तलवार, कुल्हाड़ी और लाठी-डंडों से निर्मम हत्या कर दी. इस दिल दहला देने वाली वारदात का लाइव वीडियो भी सामने आया है.

उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले के बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र में पारिवारिक विवाद में मुर्तजा और उसके बेटों ने अपने ही भाई दिलशाद उर्फ पप्पू की कुल्हाड़ी, तलवार और लाठी-डंडों से हमला करके निर्मम हत्या कर दी. कपड़ों की धुलाई से शुरू हुआ मामूली झगड़ा इतना बढ़ा कि परिजनों ने दिलशाद पर जानलेवा वार कर दिया. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर कई संदिग्धों को हिरासत में ले लिया है.

कपड़े धोने को लेकर शुरू हुआ था विवाद

गंज मुरादाबाद मोचीयाना मोहल्ला निवासी मृतक दिलशाद उर्फ पप्पू की पत्नी सूफिया बानो ने बताया कि वह वाशिंग मशीन में कपड़े धो रही थी. इसी दौरान उसके ससुर मुर्तजा ने कपड़े धोने से मना किया. बात बढ़ने पर देवर और जेठ लड़ाई-झगड़ा करने लगे और उन्होंने सूफिया का हाथ तोड़ दिया. सूफिया का आरोप है कि उसने इस घटना की शिकायत थाने में की थी, लेकिन पुलिस ने कोई सुनवाई नहीं की. इसके बाद आरोपियों ने घर के अंदर कूदकर उसके पति की बेरहमी से हत्या कर दी.

इस खूनी संघर्ष का एक लाइव वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में देखा जा सकता है कि मुर्तजा के बेटे हाथों में कुल्हाड़ी और तलवार लिए हुए हैं. वे अपने ही सगा भाई दिलशाद पर जिस तरह से हथियारों से हमला कर रहे हैं, उसने हर किसी को सन्न कर दिया है. घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत और हड़कंप का माहौल है.

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, जांच जारी

सीओ बांगरमऊ हर्ष मोदी ने बताया कि सुबह करीब 9:30 बजे डायल 112 के माध्यम से पारिवारिक विवाद में दिलशाद के घायल होने की सूचना मिली थी. घायल को तुरंत सीएचसी बांगरमऊ ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments