Homeभारतउत्तरप्रदेशशामली की पेंट फैक्ट्री में बॉयलर फटने से हुआ धमाका, घटना में...

शामली की पेंट फैक्ट्री में बॉयलर फटने से हुआ धमाका, घटना में 2 मजदूर घायल, एक की हालत गंभीर

शामली की एक पेंट बनाने वाली फैक्ट्री में अचानक बॉयलर फटने से जोरदार धमाका हो गया। इस हादसे की चपेट में दो मजदूर आ गए, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

शामली: शामली की आदर्श मंडी थाना क्षेत्र में मुजफ्फरनगर रोड स्थित पेंट बनाने की फैक्ट्री में गुरुवार सुबह अचानक बॉयलर फटने से जोरदार धमाका हो गया। हादसे के समय फैक्ट्री में काम कर रहे दो मजदूर इसकी चपेट में आकर घायल हो गए। इनमें एक मजदूर की हालत गंभीर बताई जा रही है। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद मेरठ रेफर किया गया है।

मशीन में हुआ तेज धमाका

जानकारी के मुताबिक, गुरुवार सुबह करीब 10 बजे फैक्ट्री में पेंट बनाने का काम चल रहा था। इसी दौरान मशीन के एक हिस्से में अचानक तेज धमाका हुआ। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि फैक्ट्री परिसर में मौजूद कर्मचारियों और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में छुटमलपुर निवासी समद और शामलीनिवासी मिथिलेश घायल हो गए।

घायल को मेरठ रेफर किया गया

बताया जा रहा है कि समद को गंभीर चोटें आई हैं और उसे मेरठ सुभारती रेफर किया गया है। वहीं सुभारती के डॉक्टर कृष्णा मूर्ति ने एनबीटी ऑनलाइन को बताया की शामली से समद नाम के घायल को लाया गया है। उसकी हालत अभी सीरियस है।

हादसे के बाद बंद किया गया फैक्ट्री का गेट

घटना के बाद फैक्ट्री में तत्काल काम रोक दिया गया और गेट बंद कर दिया गया। हादसे की जानकारी मिलते ही आदर्श मंडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए कर्मचारियों से जानकारी जुटाई। पुलिस ने घायलों और हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी भी ली है।

फैक्ट्री के बाहर लोगों की भीड़

हादसे के बाद फैक्ट्री के बाहर लोगों की भीड़ जमा हो गई। वहीं, मौके पर पहुंचे मीडिया कर्मियों को कवरेज करने से रोकने का प्रयास किए जाने की भी बात भी सामने आई है। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

मशीन की खराबी की चर्चा

स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि मशीन के कुछ पार्ट्स की समय पर मरम्मत नहीं होने के कारण यह हादसा हुआ। हालांकि, पुलिस ने अभी हादसे की वजह की पुष्टि नहीं की है। बॉयलर में तकनीकी खराबी थी या किसी अन्य कारण से धमाका हुआ, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री शामली शहर के तालाब रोड निवासी पंकज जैन की है। पुलिस अब फैक्ट्री में लगे उपकरणों, सुरक्षा इंतजामों और घटना के समय वहां मौजूद कर्मचारियों से जुड़ी जानकारी जुटा रही है।

पुलिस बोली- जांच के बाद होगी कार्रवाई

आदर्श मंडी थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि फैक्ट्री में हादसा होने की सूचना मिली थी। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और इसमें किसी तरह की लापरवाही सामने आती है या नहीं, इसकी जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments