उद्धव ठाकरे ने दो अक्तूबर को होने वाली सीजेपी के प्रदर्शन को समर्थन देने का ऐलान किया है। इसके बाद 4 अक्तूबर को वह राज ठाकरे के साथ बायकुला से BMC मुख्यालय तक जुलूस निकालेंगे। यह जुलूस रिचर्डसन क्रूडस कंपनी के गेट से शुरू होगा और BMC कार्यालय पर समाप्त होगा, जहां एक जनसभा होगी।
मुंबई: दिल्ली में इंडिया गठबंधन की बैठक में उद्धव ठाकरे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े और कांग्रेस को अकेले आंदोलन नहीं करने की सलाह दी। कांग्रेस मुंबई समेत पूरे महाराष्ट्र में मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ अकेले प्रदर्शन कर रही है। उद्धव ठाकरे चाहते हैं कि बीजेपी विरोधी पार्टियां एक मंच पर आकर ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन करे। उद्धव ठाकरे और उनके चचेरे भाई राज ठाकरे ने 2 अक्टूबर को मुंबई में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन का समर्थन करने का फैसला किया है। इसके अलावा राज और उद्धव 4 अक्टूबर को राज-उद्धव के संयुक्त मार्च निकालेंगे।
सीजेपी के विरोध प्रदर्शन का पूरा समर्थन
मंगलवार को शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे और मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे ने CJP का समर्थन करते हुए प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। उद्धव ठाकरे ने कहा कि हम इस विरोध प्रदर्शन का पूरा समर्थन करते हैं। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि हम एक-दूसरे के विरोध प्रदर्शन वाली जगह पर जाएंगे। राज ठाकरे ने कहा कि 4 अक्टूबर को वह उद्धव ठाकरे के साथ भायखला से निकलकर CST में BMC मुख्यालय तक मार्च करेंगे ताकि चुनावों के दौरान हो रही धांधली को उजागर किया जा सके।
राज ठाकरे ने क्या कहा?
राज ठाकरे ने कहा कि हम कई सालों से चुनाव में धांधली देख रहे हैं। यह लोकतंत्र के लिए एक काला धब्बा है और वोटरों का अपमान है। राज ने कहा कि उनका कार्यक्रम गैर-राजनीतिक होगा। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों और नेताओं को मार्च में शामिल होने का निमंत्रण दिया। ठाकरे ने कहा कि बीजेपी के जो नेता हमसे सहमत हैं, वह आ सकते हैं। इसमें कोई राजनीतिक झंडा नहीं होगा।
दिपके ने किया धन्यवाद
CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके ने 2 अक्टूबर को होने वाले विरोध प्रदर्शन को समर्थन देने के लिए उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे का धन्यवाद दिया है। दिपके ने कहा कि लोकतंत्र को बचाने के लिए सभी भारतीयों को बहुत देर होने से पहले एकजुट होना होगा।

