Homeभारतमध्यप्रदेशबीना में सड़क हादसे के बाद बीजेपी नेता की पुलिस से तीखी...

बीना में सड़क हादसे के बाद बीजेपी नेता की पुलिस से तीखी झड़प, बेटे को बचाने सड़क पर धरने पर बैठे

मध्य प्रदेश के बीना में बीना-खिमलासा रोड पर एक तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। घायल को पूर्व मंत्री प्रभु सिंह ठाकुर ने अस्पताल पहुंचाया। वहीं, बोलेरो जब्ती के विरोध में बीजेपी नेता और एल्डरमैन सड़क पर धरने पर बैठ गए और थाने के अंदर भी जमकर हंगामा किया।

मध्य प्रदेश के बीना जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां बीना-खिमलासा रोड पर शनिवार को कोर्ट के पास एक तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में धनोरा गांव का रहने वाला युवक भविष्य अहिरवार गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी कार चालक आनंद जड़िया मौके से फरार हो गया, लेकिन इस दुर्घटना के बाद सड़क से लेकर थाने तक ऐसा हाईवोल्टेज ड्रामा हुआ जिसने सबको हैरान कर दिया।

पूर्व मंत्री ने दिखाई मानवता, पहुंचाया अस्पताल

हादसा इतना भयानक था कि युवक लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा। गनीमत यह रही कि उसी वक्त वहां से पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता प्रभु सिंह ठाकुर का काफिला गुजर रहा था। स्थिति को भांपते हुए उन्होंने तुरंत मानवता का परिचय दिया और घायल युवक भविष्य अहिरवार को अपनी ही कार से तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

बोलेरो जब्ती पर भड़के बीजेपी नेता, सड़क पर बैठे धरने पर

दूसरी ओर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए टक्कर मारकर भाग रही बोलेरो (MP 04 CC 7361) को सर्वोदय चौराहे के पास घेरकर रोक लिया। जैसे ही पुलिस ने गाड़ी को जब्त करने की कार्रवाई शुरू की, वैसे ही आरोपी कार चालक के पिता और स्थानीय एल्डरमैन (बीजेपी नेता) रमेश जड़िया समर्थकों के साथ मौके पर आ धमके।

बीजेपी नेता ने पुलिस की कार्रवाई का कड़ा विरोध किया और देखते ही देखते वे सड़क पर ही धरने पर बैठ गए। इस सियासी ड्रामे के कारण सर्वोदय चौराहे पर करीब 15 से 20 मिनट तक भीषण जाम लग गया और सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। भारी हंगामे के बीच आखिरकार पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया और थाने ले आई।

थाना प्रभारी से तीखी नोकझोंक

सड़क पर ड्रामा खत्म होने के बाद मामला बीना थाने के अंदर पहुंच गया। आरोप है कि थाने के भीतर भी बीजेपी नेताओं और एल्डरमैन ने थाना प्रभारी (TI) के साथ जमकर बहसबाजी और बदसलूकी की। काफी देर तक थाने में गहमागहमी का माहौल बना रहा।

पुलिस जांच में जुटी, सख्त कार्रवाई का भरोसा

थाने में हुए हंगामे और सड़क पर चले ड्रामे के बाद पुलिस अब फूंक-फूंक कर कदम रख रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घायल युवक के बयान और वहां मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों की गवाही के आधार पर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। फरार कार चालक और थाने में हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments