भारतीय किसान यूनियन (BJU) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने मांग की है कि सरकार गन्ने की कीमत 500 से 600 रुपये क्विंटल के बीच घोषित करे। उन्होंने ऐलान किया है कि किसानों की मांगों को लेकर 17 सितंबर को रात्रि महापंचायत होगी।
मेरठ/मुजफ्फरनगर: भारतीय किसान यूनियन (BJU) के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत ने चीनी मिलों के गन्ना लेने से पहले इसका मूल्य घोषित करने की मांग की है। टिकैत का कहना है कि इस बार सरकार गन्ने का मूल्य 500 और 600 रुपये के बीच में घोषित करे। उन्होंने ऐलान किया कि किसानों की मांगों को लेकर पहली बार 17 सितंबर को मुजफ्फरनगर में रात्रि महापंचायत होगी।
भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) किसानों की मांगों को लेकर जगह-जगह आंदोलन करके सरकार पर दबाव बनाने की कोशिश कर रही है। इस बीच भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि गन्ने की फसल में खर्च अधिक आ रहा है। बीमारियों की वजह से खेती महंगी हो गई है। चीनी के दाम भी बढ़ गए हैं। इसे देखते हुए इस बार गन्ने की मूल्य 500 से 600 रुपये प्रति क्विंटल के बीच होना चाहिए।
चीनी मिलों में पैराई शुरू होने से पहले घोषित हो गन्ने की कीमत
टिकैत ने उत्तर प्रदेश सरकार से मांग की है कि चीनी मिलों का पैराई सत्र शुरू होने से पहले गन्ने का मूल्य घोषित किया जाए, ताकि किसानों को आंदोलन न करना पड़े। उन्होंने कहा कि बिजली के बिल बहुत अधिक आ रहे हैं। विभाग के अधिकारी मनमर्जी से उपभोक्ताओं के कनेक्शन की भार क्षमता में वृद्धि कर रहे हैं। किसानों को फसलों का न्यूनतम समर्थन मूल्य मिलना चाहिए। राकेश टिकैत ने धान क्रय केंद्र विकसित करने की जरूरत बताई ताकि यहां का किसान हरियाणा में धान ले जाकर परेशान न हो।
मुजफ्फरनगर में होगी महापंचायत
राकेश टिकैत ने कहा कि अमेरिका-भारत ट्रेड डील किसानों के हित में नहीं है। इन्हीं सब मुद्दों को लेकर आगामी 17 सितंबर को राजकीय इंटर कॉलेज मुजफ्फरनगर के मैदान में भाकियू की पहली रात्रि महापंचायत होगी। महापंचायत रात्रि सात बजे से शुरू होकर मध्य रात्रि तक चलेगी। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। उन्होंने कहा कि रात्रि में ही अधिकारियों को महापंचायत स्थल पर बुलाकर मांग पत्र दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि आगे भी रात्रि महापंचायत का क्रम दोहराया जाएगा। भाकियू हर जिले में रात्रि महापंचायत करेगा। उन्होंने कहा कि दिन में अभी गर्मी अधिक है। जिसके चलते इस बार रात्रि महापंचायत का कार्यक्रम रखा गया है।

