नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक बेहतर कनेक्टिविटी न होने के चलते यात्रियों की संख्या में कमी आ रही है। इसी कारण अकासा एयरलाइंस ने मुंबई रूट्स पर शुरू की गई फ्लाइट को बंद कर दिया है।
हाइलाइट्स
अकासा एयर ने 30 सितंबर से मुंबई की उड़ानें बंद कीं
1 अक्टूबर से नवी मुंबई के लिए नई उड़ान शुरू होगी
अकासा एयर का विंटर शेड्यूल जल्द ही जारी होगा
ग्रेटर नोएडा: जेवर एयरपोर्ट से मुंबई जाने वाली अकासा एयरलाइंस की उड़ानों के शेड्यूल में सितंबर के बाद बदलाव किए जा रहे हैं। एयरलाइंस 30 सितंबर के बाद नोएडा से मुंबई के लिए चल रही दैनिक फ्लाइट्स को अस्थायी रूप से बंद कर दी है। हालांकि, यात्रियों को राहत देते हुए कंपनी ने 1 अक्टूबर से नवी मुंबई के लिए नई उड़ानें शुरू करने की घोषणा की है, जिससे इस रूट पर कनेक्टिविटी बनी रहेगी।
शुरुआती दौर में अकासा एयर ने नोएडा एयरपोर्ट से बेंगलुरु और मुंबई दोनों के लिए उड़ान सेवा शुरू की थी, लेकिन जुलाई में बेंगलुरु रूट बंद कर दिया गया और मुंबई के लिए दो दैनिक फ्लाइट्स (दोपहर 2:10 और रात 9:05 बजे) चलाई जाने लगीं। इनमें से रात 9:05 बजे वाली उड़ान को कंपनी ने महज दो दिन पहले ही वापस बंद कर दिया है।
वहीं, अब स्थिति यह है कि दोपहर 2:10 बजे वाली अकासा की उड़ान भी 30 सितंबर से पूरी तरह बंद हो जाएगी और इसकी बुकिंग कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट पर पहले ही रोक दी गई है। इसके बाद नोएडा से मुंबई जाने वाले यात्रियों के पास केवल इंडिगो की दोपहर 3:00 बजे निकलने वाली फ्लाइट ही एकमात्र विकल्प बचेगी।
हालांकि, 1 अक्टूबर से अकासा एयर द्वारा नवी मुंबई के लिए शुरू की जा रही नई उड़ान की बुकिंग अभी खुली हुई है। यह फ्लाइट सुबह 11:00 बजे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ेगी और दोपहर 1:15 बजे नवी मुंबई के टर्मिनल-1 पर लैंड करेगी।
इस शेड्यूल बदलाव पर अकासा एयर के प्रवक्ता ने कहा कि सितंबर से एयरलाइंस का विंटर (सर्दियों का) शेड्यूल लागू होने वाला है और इसके तहत जल्द ही कई अन्य नए शहरों के लिए भी उड़ानों का विवरण जारी किया जाएगा।

