नई दिल्ली में सफदरजंग अस्पताल में MBBS की सरकारी सीट दिलाने के नाम पर पूर्व आर्मी अफसर से 90 लाख रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी ने खुद को रेडियोलॉजिस्ट और NMC सदस्य बताया था। पीड़ित ने घर बेचकर और पेंशन फंड से रकम जुटाई। कनॉट प्लेस पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नई दिल्ली: बेटे को डॉक्टर बनाने के सपने को एक शख्स ने ठगी का जरिया बना लिया। आरोप है कि खुद को रेडियोलॉजिस्ट डॉक्टर और नैशनल मेडिकल कमिशन (NMC) का सदस्य बताने वाले मनोज ने हरिद्वार निवासी एक पूर्व आर्मी अफसर को उनके बेटे का MBBS में सरकारी कॉलेज में दाखिला कराने का भरोसा दिया।
सफदरजंग अस्पताल में सरकारी सीट दिलाने के नाम पर कथित तौर पर 90 लाख रुपये की डील हुई। पीड़ित ने रकम जुटाने के लिए अपना घर तक बेच दिया, पेंशन फंड लगाया और परिवार से उधार लिया। लेकिन दाखिला नहीं हुआ। अब कनॉट प्लेस थाना पुलिस ने शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कनॉट प्लेस स्थित हनुमान मंदिर में हुई थी मुलाकात
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, शिकायतकर्ता हरिद्वार के रहने वाले हैं और उनके बेटे ने NEET परीक्षा दी थी। शिकायत में बताया गया है कि आरोपी से 20 जुलाई 2025 को कनॉट प्लेस स्थित हनुमान मंदिर में मुलाकात हुई थी। इसके बाद आरोपी ने खुद को डॉक्टर और NIMC से जुड़ा व्यक्ति बताते हुए भरोसा दिलाया कि वह सफदरजंग अस्पताल में MBBS की सरकारी सीट दिलवा सकता है। शिकायतकर्ता के मुताबिक, आरोपी 31 जुलाई 2025 से लगातार उनके संपर्क में था। पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
7.5 लाख ऑनलाइन, बाकी 82.50 लाख कैश
आरोपी ने रकम लेने के लिए बिहार के दरभंगा स्थित एक बैंक अकाउंट की जानकारी दी। शिकायत के अनुसार, इस खाते में 5 लाख रुपये और 2.5 लाख रुपये गूगल पे से भेजे गए। इसके बाद बाकी 82.50 लाख रुपये नकद देने का आरोप है। पुलिस को दी शिकायत में पीड़ित ने बताया कि इतनी बड़ी रकम जुटाने के लिए उन्होंने अपना मकान बेच दिया, पेंशन फंड लगाया और परिवार से उधार लिया।
आरोप है कि कैश कनॉट प्लेस के डी-ब्लॉक पार्किंग स्थित एक रेस्टोरेंट के पास दिया गया। आरोपी कथित तौर पर वहां दो बार पहुंचा, कैश लिया और रेस्टोरेट में जाकर बैठ गया। शिकायत में आरोपी के पहाड़गंज स्थित एक होटल में ठहरने की जानकारी भी पुलिस को दी गई है। पुलिस अधिकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता के बयान पर पुलिस ने 17 अगस्त को केस दर्ज किया।

