Homeभारतउत्तरप्रदेशलखनऊ के खाद्य प्रसंस्करण निदेशालय में लगी भीषण आग, काला धुआं और...

लखनऊ के खाद्य प्रसंस्करण निदेशालय में लगी भीषण आग, काला धुआं और ऊंची लपटें देखकर मची अफरा-तफरी

हजरतगंज स्थित खाद्य प्रसंस्‍करण निदेशालय में लगी आग पर दमकल विभाग ने कुछ घंटे के भीतर काबू पा लिया। घटना के पीछे शार्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है।

यूपी की राजधानी लखनऊ के पॉश इलाके हजरतगंज स्थित खाद्य प्रसंस्करण निदेशालय भवन में सोमवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे अचानक आग लग गई। बिल्डिंग से काला धुआं और लपटें उठती देख आसपास से गुजर रहे लोगों के अलावा परिसर में मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन कंट्रोल रूम को ARO-IP के जरिए इस घटना की सूचना दी गई, जिसके बाद हजरतगंज अग्निशमन केंद्र से 2 दमकल गाड़ियां फौरन मौके के लिए रवाना की गईं। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। घटना में किसी के हताहत होने की जानकारी सामने नहीं आई है।

बताया जाता है कि दमकल विभाग की गाड़ियां जब घटनास्थल पर पहुंचीं, तब तक पूरी बिल्डिंग में घना धुआं भर चुका था, जिससे दृश्यता बेहद कम हो गई थी। मुख्य अग्निशमन अधिकारी अंकुश मित्तल और हजरतगंज के अग्निशमन अधिकारी राम कुमार रावत के नेतृत्व में टीमों ने मोर्चा संभाला। दमकलकर्मियों ने एक तरफ तेजी के साथ हौज लाइन बिछाकर आग बुझाने के लिए पानी की बौछारें शुरू कीं। दूसरी तरफ वेंटिलेशन बनाकर भवन के अंदर फंसे धुएं को बाहर निकालने का काम तेज किया गया। मौके पर मची अफरा-तफरी के बीच दमकलकर्मियों को आग पर काबू पाते देख लोगों ने राहत की सांस ली।

समय रहते आग पर पाया गया काबू, नहीं हुई कोई जनहानि

अग्निशमन टीम ने पूरे निदेशालय भवन में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई कर्मचारी या आम नागरिक अंदर फंसा न रह जाए। तत्काल एक्शन और सूझबूझ से कुछ ही देर में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि या घायल नहीं हुआ।

शार्ट सर्किट हो सकती है वजह

शुरुआती तौर पर आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी के अनुसार, हादसे की वजह शॉर्ट सर्किट हो सकती है, हालांकि विभाग द्वारा आग लगने के सटीक कारणों और इससे हुए नुकसान का आकलन करने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments