Homeभारतउत्तरप्रदेशगाजियाबाद में 62 किलो खतरनाक टोफू पनीर जब्त, नॉन-फूड ग्रेड एसिड से...

गाजियाबाद में 62 किलो खतरनाक टोफू पनीर जब्त, नॉन-फूड ग्रेड एसिड से तैयार हो रहा था सोया पनीर

टोफू पनीर सोयाबीन के दूध से तैयार किया जाता है। गाजियाबाद के शांति नगर में दो इकाइयां पकड़ी गई हैं जहां खतरनाक टोफू बनाया जा रहा था।

गाजियाबाद: शहर में लोगों की सेहत से खिलवाड़ का एक मामला खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई में सामने आया है। शांति नगर में एक ही परिसर में चल रही दो इकाइयों में टोफू तैयार करने के लिए ऐसा एसिटिक एसिड इस्तेमाल किया जा रहा था, जो खाद्य पदार्थों में इस्तेमाल के लिए निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं था। जांच के दौरान साफ-सफाई की स्थिति भी खराब मिली। टीम ने मौके से तैयार 62 किलो टोफू के साथ 51 लीटर एसिटिक एसिड जब्त कर लिया।

खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने शांति नगर स्थित परिसर में औचक निरीक्षण किया। यहां मैसर्स बीएमआर सोया फूड एंड प्रोडक्ट और बालाजी सोया फूड एंड प्रोडक्ट के नाम से टोफू बनाने का काम चल रहा था। जांच के दौरान उत्पादन और भंडारण से जुड़ी व्यवस्थाओं में कई कमियां सामने आईं। टोफू जिस ड्रम में रखा जा रहा था, उसमें इस्तेमाल पानी भी साफ नहीं था।

नियमों का पालन नहीं हो रहा था

जांच के दौरान दोनों इकाइयों के दस्तावेज भी खंगाले गए। अधिकारियों को पता चला कि संचालकों के पास टोफू निर्माण का लाइसेंस मौजूद था, लेकिन पैकेजिंग के दौरान निर्धारित नियमों का पालन नहीं किया जा रहा था। पैकेट पर खाद्य पदार्थ से संबंधित जरूरी जानकारी भी दर्ज नहीं की जा रही थी। खाद्य सुरक्षा विभाग के सहायक आयुक्त सुरेश कुमार मिश्र ने बताया कि निर्माण प्रक्रिया में इस्तेमाल किया जा रहा एसिटिक एसिड नॉन-फूड ग्रेड का था, जिसका खाद्य पदार्थ तैयार करने में प्रयोग नियमों के विपरीत है।

51 लीटर एसिड जब्‍त

कार्रवाई के दौरान टीम ने 62 किलो टोफू जब्त किया। इसके अलावा टोफू बनाने में इस्तेमाल हो रहे एसिटिक एसिड के दो नमूने जांच के लिए लिए गए और 51 लीटर एसिड को भी कब्जे में लिया गया। विभाग अब दोनों खाद्य कारोबारियों को अस्वच्छ और अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में खाद्य पदार्थ तैयार करने के संबंध में सुधार नोटिस जारी करेगा। अधिकारियों के मुताबिक निर्देशों का पालन नहीं होने पर दोनों इकाइयों के लाइसेंस निलंबित किए जा सकते हैं।

सोयाबीन के दूध से तैयार होता है टोफू

टोफू को सोया पनीर भी कहा जाता है और यह सोयाबीन के दूध से तैयार किया जाता है। देखने में यह पनीर जैसा सफेद और ठोस होता है, लेकिन इसमें डेयरी का इस्तेमाल नहीं होता। प्रोटीन से भरपूर टोफू में फैट और कैलोरी अपेक्षाकृत कम होती है। इसे हल्का और आसानी से पचने वाला खाद्य पदार्थ भी माना जाता है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments