यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह से आरक्षण के मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से तत्काल वार्ता करने की अपील की है. उन्होंने कहा कि समाज की आवाज को सुनते हुए इस आरक्षण को जल्द से जल्द लागू करने की दिशा में ठोस पहल होनी चाहिए.
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले संजय निषाद ने निषाद आरक्षण के मुद्दे को फिर से बीजेपी के सामने जोरदार तरीके से उठाया है. उन्होंने बीजेपी नेतृत्व से इस आरक्षण को लागू करने की दिशा में ठोस कदम उठाने की अपील की है. संजय निषाद ने कहा कि यदि इस मुद्दे पर देरी हुई तो समाज के हित प्रभावित हो सकते हैं.
संजय निषाद एक कार्यक्रम में पार्टी समर्थकों को संबोधित किया. इसी दौरान उन्होंने राज्य के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह को आगाह करते हुए कहा कि आप आरक्षण के विषय पर समाज की आवाज को सुन रहे हैं ना. हम चाहते हैं कि आप भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से आरक्षण के मुद्दे पर जल्द से जल्द वार्ता कर इसे लागू करवाने की दिशा में ठोस पहल करें.
उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि कहीं ऐसा न हो कि आरक्षण के मुद्दे पर फैसला लेने में देर हो जाए और इससे समाज के हित प्रभावित हों.
क्या हैं संजय निषाद की मांग
आपको बता दें कि संजय निषाद लंबे वक्त से निषाद समाज और उससे जुड़ी उपजातियों जैसे- केवट, मल्लाह, बिन्द, मझवार, और अन्य मछुआरा जातियां को अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) से हटाकर अनुसूचित जाति (SC कैटेगरी) की सूची में शामिल किया जाए. इसी वादे को लेकर वह पिछले चुनाव में उतरे थे, लेकिन अब तक उनका ये चुनावी वादा पूरा नहीं हो सका है.
दूसरी ओर बिहार की VIP पार्टी के प्रमुख मुकेश सहनी भी उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल इलाके में अपने लिए राजनीतिक जमीन तलाश रहे हैं और लगातार निषाद आरक्षण के मुद्दे को उठा रहे हैं. इसी लिए अब संजय निषाद सीएम योगी के नेतृत्व वाली बीजेपी सरकार पर निषाद आरक्षण लागू करने के लिए दवाब बना रहे है.

