Homeभारतमध्यप्रदेशमरीज के अटेंडर ने दीवार पर किया पेशाब, गुस्साए लोगों ने अस्पताल...

मरीज के अटेंडर ने दीवार पर किया पेशाब, गुस्साए लोगों ने अस्पताल में घुसकर डॉक्टर-स्टाफ को पीटा

ग्वालियर के मुरार में मरीज के अटेंडर के पड़ोसी की दीवार पर टॉयलेट करने को लेकर विवाद हो गया. आरोप है कि चार लोगों ने श्री साईं मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल में घुसकर डॉक्टर और स्टाफ के साथ मारपीट की. आरोपियों ने अस्पताल के मुख्य गेट का शीशा भी तोड़ दिया.

ग्वालियर के मुरार में एक मरीज के अटेंडर की हरकत से शुरू हुआ विवाद अस्पताल में मारपीट और तोड़फोड़ तक पहुंच गया. आरोप है कि पड़ोसी के घर की दीवार पर टॉयलेट करने की बात से नाराज चार लोगों ने श्री साईं मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल में घुसकर डॉक्टर और स्टाफ के साथ मारपीट की. आरोपियों ने अस्पताल के मुख्य गेट का शीशा भी तोड़ दिया. पूरी घटना अस्पताल में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई. पुलिस ने डॉक्टर की शिकायत पर चार आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

दीवार पर टॉयलेट करने से शुरू हुआ विवाद

घटना 8 सितंबर की रात करीब 10:30 बजे की बताई जा रही है. पंचशील नगर निवासी डॉ. हिरदेश जाटव श्री साईं मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल के संचालक हैं. उनकी शिकायत के मुताबिक घटना के वक्त वह और विनोद शर्मा अस्पताल में मौजूद थे. इसी दौरान अस्पताल में भर्ती एक मरीज का अटेंडर पड़ोस में रहने वाले दीपक किरार के मकान की दीवार पर टॉयलेट करके आ गया.

इसी बात को लेकर दीपक किरार, बंटी किरार, कालू किरार और अन्नू किरार अस्पताल के बाहर पहुंच गए. आरोप है कि चारों ने वहां मौजूद स्टाफ के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी. इसके बाद अस्पताल के मुख्य गेट का शीशा तोड़ दिया और झगड़ा करते हुए अंदर घुस आए.

डॉ. हिरदेश जाटव के मुताबिक, जब डॉक्टर और स्टाफ ने आरोपियों को गाली देने से रोका तो वे जातिगत गालियां देने लगे. विरोध करने पर चारों ने मिलकर कर्मचारियों के साथ मारपीट शुरू कर दी. इस दौरान अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई.

मारपीट में अस्पताल के कर्मचारी सुनील कुशवाह के सिर के पीछे चोट आई. विवेक अहिरवार की बाईं कलाई और पीठ पर चोट लगी, जबकि अभिषेक चौरसिया के बाएं कान के पीछे सिर में चोट आई. करन बाल्मीक की कमर में भी चोट लगने की बात शिकायत में कही गई है.

घटना के समय मौके पर मौजूद ललित मोहन शुक्ला, सागर राजावत और आसपास के अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर स्थिति संभाली. अस्पताल में हुई मारपीट और तोड़फोड़ की पूरी घटना CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई.

चार आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज

डॉ. हिरदेश जाटव की शिकायत पर मुरार थाना पुलिस ने दीपक किरार, बंटी किरार, कालू किरार और अन्नू किरार के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज, तोड़फोड़ और SC-ST एक्ट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है.

पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है. ग्वालियर के ASP जयराज कुबेर ने भी इस मामले में बयान दिया है. पुलिस की जांच के बाद घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की स्थिति स्पष्ट होगी.

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments